जम्मू-कश्मीर में सोमवार को सुरक्षाबलों पर तीन आतंकी हमलों के बाद सेना अलर्ट पर है। इसमें से अनंतनाग में हुई मुठभेड़ के दौरान मेजर शहीद हो गए थे, वहीं दो अन्य हमलों में सुरक्षाबल जख्मी हुए।
पहला हमला
अनंतनाग जिले के अचबल में सुरक्षाबलों को आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया। आतंकियों की इसकी भनक लगी और उन्होंने सुरक्षाबलों पर हमला करना शुरू कर दिया। इस हमले में एक मेजर की मौत हुई वहीं एक अन्य अधिकारी और दो जवान घायल हो गए। मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी को भी ढेर कर दिया गया, जिससे हथियार और गोला बारूद भी बरामद किया गया है।
दूसरा हमला
पुलवामा के अरिहल गांव में सेना की राष्ट्रीय राइफल्स के एक वाहन पर आईईडी के जरिए हमला किया गया। एक अधिकारी ने बताया जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में सोमवार को आतंकवादियों ने सेना के एक गश्ती काफिले को निशाना बनाते हुए एक वाहन से बंधे आईईडी में विस्फोट कर दिया, जिसमें नौ जवान और दो नागरिक घायल हो गए। उन्होंने बताया दक्षिण कश्मीर के इस जिले में अरिहाल-लस्सीपोरा सड़क पर आतंकवादियों ने ईदगाह अरिहाल के पास 44 राष्ट्रीय रायफल्स के कई वाहनों वाले गश्ती दल को निशाना बनाया। हमला होते ही सेना के जवान तुरंत हरकत में आ गए और इलाके को घेर लिया और किसी दूसरे हमले को टालने के लिए हवा में गोलियां चलाईं।
तीसरा हमला
सेना के वाहन पर हमले के बाद त्राल में सीआरपीएफ की 180वीं बटैलियन के मुख्यालय पर ग्रेनेड फेंककर हमला किया गया। अज्ञात हमलावरों ने मुख्यालय में मौजूद जवानों को निशाना बनाने की साजिश रची, हालांकि यह ग्रेनेड कैंप के बाहर की गिरकर फट गया। इस हमले में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है।
कश्मीर में 24 घंटे में 3 आतंकी हमले, मेजर शहीद, 3 घायल

