बेंगलुरु: कर्नाटक की 15 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। भाजपा ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस को 2 सीटों पर जीत मिली है, वहीं होसकोटे सीट पर भाजपा से बागी हुए निर्दलीय प्रत्याशी शरथ बचेगौड़ा ने जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही राज्य में भाजपा की 4 महीने पुरानी येदियुरप्पा सरकार सुरक्षित हो गई है। उसके पास बहुमत के लिए जरूरी 112 से ज्यादा, 117 विधायक हो गए हैं।
कर्नाटक विधानसभा में कुल 224 सीटें हैं, 17 विधायकों को अयोग्य ठहराने के बाद 207 सीटें रह गई थीं। 15 सीटों पर उपचुनाव के बाद विधानसभा में 222 सीटें हो जाएंगी और बहुमत का आंकड़ा 112 होगा। येदियुरप्पा को सरकार बचाने के लिए 6 सीटें जीतना जरूरी था। चुनाव नतीजों से पहले भाजपा के पास पहले 105 सीटें थीं, अब 117 हो गई हैं। एक निर्दलीय भी भाजपा को समर्थन दे रहा है। विधानसभा की दो सीटों का मामला हाईकोर्ट में लंबित होने के चलते यहां बाद में चुनाव होंगे।
कांग्रेस नेता सिद्धारमैया और शिवकुमार ने इस्तीफा दिया
उपचुनाव के परिणाम आने के बाद, कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धारमैया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने इस्तीफा दे दिया। सिद्धारमैया ने कहा- मैंने कांग्रेस विधायक दल के नेता के पद से इस्तीफा दे दिया है। विधायक दल का नेता होने के नाते मुझे लोकतंत्र का सम्मान करना चाहिए। मैंने अपना इस्तीफा सोनिया गांधी को भेज दिया है। शिवकुमार ने कहा- उपचुनाव में जनता ने दल बदलने वालों को पसंद किया। हमें नतीजे से निराश नहीं होना चाहिए।
विधानसभा की 15 सीटों पर उपचुनाव के नतीजे
| सीट | जीत | हार |
| चिक्कबल्लापुरा | भाजपा | कांग्रेस |
| रानेबेन्नुर | भाजपा | कांग्रेस |
| हिरेकेरूर | भाजपा | कांग्रेस |
| अथानी | भाजपा | कांग्रेस |
| होसकोटे | निर्दलीय | भाजपा |
| हुन्सुरु | कांग्रेस | भाजपा |
| केआर पेट | भाजपा | जेडीएस |
| यशवंतपुर | भाजपा | जेडीएस |
| विजयनगर | भाजपा | कांग्रेस |
| गोकक | भाजपा | कांग्रेस |
| कोगवाड | भाजपा | कांग्रेस |
| येलापुर | भाजपा | कांग्रेस |
| शिवाजी नगर | कांग्रेस | भाजपा |
| महालक्ष्मी लेआउट | भाजपा | कांग्रेस |
| केआर पुरम | भाजपा | कांग्रेस |
कांग्रेस-जेडीएस के 15 में से 13 बागियों को भाजपा से टिकट
भाजपा ने पार्टी में शामिल हुए 15 बागी विधायकों में से 13 को उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया था। होसकोटे सीट पर जीत दर्ज करने वाले शरथ बचेगौड़ा भाजपा से अलग होकर निर्दलीय चुनाव लड़े थे। यहां भाजपा ने कांग्रेस से आए पूर्व विधायक एमटीबी नागराज को टिकट दिया। मैसूरु की हुन्सुरु सीट पर जेडीएस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एएच विश्वनाथ को उतारा था। यह सीट जेडीएस का गढ़ रही है, लेकिन इस बार यहां कांग्रेस ने जीत दर्ज की।

