कराची:पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने हाल में कोरोना वायरस संक्रमण से जूझ रहे भारत और पाकिस्तान के लोगों की मदद के लिए दोनों देशों के बीच एक तीन मैचों की वनडे सीरीज कराने का प्रस्ताव रखा था। अख्तर के इस प्रस्ताव पर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान कपिल देव और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व अध्यक्ष राजीव शुक्ला ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। अब अख्तर के इस प्रस्ताव के समर्थन में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी भी उतर आए हैं।
अफरीदी ने कहा कि उन्हें कपिल देव और राजीव शुक्ला की टिप्पणियों पर आश्चर्य हुआ, जिन्होंने अख्तर के सुझाव को नकार दिया था। अफरीदी ने कहा, ‘पूरी दुनिया कोरोनो वायरस के खिलाफ लड़ रही है। इस दुश्मन को हराने के लिए हमें हमारे क्षेत्र में एकता की जरूरत है। ऐसे में इस तरह की नकारात्मक टिप्पणियों से कोई मदद नहीं मिलेगी।’ अफरीदी ने कहा, ‘मुझे भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच के शोएब अख्तर के सुझाव में कुछ भी गलत नहीं दिखता।’
उन्होंने कहा, ‘कपिल की प्रतिक्रिया ने मुझे हैरान किया। मुझे उनसे बेहतर प्रतिक्रिया की उम्मीद थी। मेरा मानना है कि संकट के समय इस तरह की बात नहीं करनी चाहिए।’ अफरीदी ने कहा कि उनकी चैरिटी को समर्थन करने के बाद हरभजन सिंह और युवराज सिंह के बारे में जिस तरह की ‘नकारात्मक टिप्पणियां’ हुई वो उससे भी हैरान हैं।

