लंदन:क्रिकेट श्रीलंका ने देश में कोरोना वायरस ‘कोविड-19’ के संक्रमण को देखते हुए सभी तरह के घरेलू क्रिकेट को स्थगित कर दिया है। श्रीलंका सरकार ने शुक्रवार शाम छह बजे से रविवार सुबह छह बजे तक राष्ट्रव्यापी कर्फ्यू लगाने की घोषणा की थी। राष्ट्रपति कायार्लय की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि सभी देशवसियों को इसका पालन करना चाहिए और इस अवधि में घरों में रहना चाहिए।
गौरतलब है कि श्रीलंका के राष्ट्रपति गोताबाया राजपक्षे ने सभी सरकारी कर्मचारियों को घरों में रहने और आगामी सात दिन की अवधि के लिए उन्हें घर से ही कायार्लय का काम निपटाने का आदेश जारी किया था। यह आदेश 27 मार्च तक जारी रहेगा।
बता दें कि श्रीलंका में अभी तक कोरोना के 59 मामलों की पुष्टि हो चुकी है और लगभग 23० अन्य देश के विभिन्न अस्पतालों में निगरानी में हैं। श्रीलंका क्रिकेट ने इसी के चलते सभी तरह की घरेलू क्रिकेट को स्थगित कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि श्रीलंका के दो बड़े स्कूलों में हाल में वार्षिक मैच खेला गया था, जिसे देखने हजारों की संख्या में दर्शक जुटे थे। इन दर्शकों में से एक दर्शक कोरोना के लिए पॉजिटिव पाया गया है और जो लोग उसके संपर्क में आए थे उन्हें अलग-थलग रहने के लिए कहा गया है।
आयरलैंड-बांग्लादेश सीरीज भी स्थगित
कोराना वायरस के कारण आयरलैंड की बांग्लादेश के खिलाफ सात मैचों की सीरीज भी शनिवार को स्थगित हो गई। इस सीरीज में तीन एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच बेलफास्ट में खेले जाने थे, जबकि चार मैच इंग्लैंड में आयोजित होने थे। इनका आयोजन मई में किया जाना था, लेकिन ब्रिटेन और आयरलैंड सरकार ने टूर्नामेंट नहीं कराने की सलाह दी क्योंकि इस समय यात्रा संबंधित पांबदियां लगी हुई हैं और लोगों के इकट्ठा होने पर भी रोक है।
क्रिकेट आयरलैंड के मुख्य कार्यकारी वारेन ड्यूट्रोम ने कहा, ”हमारी जिम्मेदारी है कि हम खिलाड़ियों, कोचों, प्रशंसकों और समुदाय की रक्षा करें और आगामी महीनों में हम सबसे पहले सुरक्षा भरा रवैया अपनाने से हिचकिचाएंगे नहीं। उन्होंने कहा, ”हम बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का धन्यवाद करना चाहेंगे जिन्होंने इस फैसले पर पहुंचने में काफी सहयोग दिया। और तब हालात ठीक होंगे हम सीरीज की नई तारीख तय करेंगे। कोविड-19 महामारी के कारण 28 मई से पहले इंग्लैंड एवं वेल्स में कोई भी पेशेवर क्रिकेट नहीं खेला जाएगा।”

