भानपुर, बस्ती। तहसील भानपुर क्षेत्र के ग्राम सिसवा बरुआर में स्थित खसरा संख्या 663 की भूमि को लेकर चल रहे विवाद में एक पक्ष ने मंडलायुक्त बस्ती से हस्तक्षेप की मांग की है। पीड़ित अली हसन पुत्र मंगरू ने आरोप लगाया है कि विवादित भूमि पर विपक्षी द्वारा जबरन कब्जा कर निर्माण कार्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रार्थी के अनुसार, उक्त भूमि विवाद सिविल जज (सी.डी.), बस्ती की अदालत में वाद संख्या 415/2026 (अली हसन बनाम वेद प्रकाश) के रूप में पहले से विचाराधीन है। इसके बावजूद विपक्षी द्वारा निर्माण कार्य किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर गाली-गलौज एवं धमकी भी दी गई।
अली हसन का कहना है कि मामले की शिकायत पूर्व में पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों से भी की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि न्यायालय के अंतिम निर्णय से पहले भूमि की स्थिति में परिवर्तन कर दिया गया तो उन्हें अपूरणीय क्षति होगी तथा क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। पीड़ित ने मंडलायुक्त बस्ती को प्रार्थना-पत्र देकर मांग की है कि न्यायालय के अंतिम निर्णय तक विवादित भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी पक्ष को नुकसान न पहुंचे।
कोर्ट में विचाराधीन भूमि विवाद में मंडलायुक्त से लगाई न्याय की गुहार

