गौर, बस्ती। बाल विकास परियोजना गौर के तत्वावधान में शुक्रवार को ‘संभव अभियान’ एवं ‘सुपोषित मिशन बस्ती’ के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक वृहद कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख जटाशंकर शुक्ला तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अमरजीत शुक्ला उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) बलराम सिंह ने किया। कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए सीडीपीओ बलराम सिंह ने बताया कि सुपोषित मिशन बस्ती के अंतर्गत अप्रैल माह में चिन्हित गंभीर कुपोषित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही ग्राम पंचायतों के सहयोग से दूध, केला, अंडा, चना एवं गुड़ की चिक्की जैसी पौष्टिक सामग्री भी वितरित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि संभव अभियान का शुभारंभ जुलाई माह से हो चुका है, जो सितंबर तक संचालित रहेगा। अभियान का उद्देश्य गर्भावस्था से लेकर बाल्यावस्था तक मातृ एवं शिशु के पोषण तथा स्वास्थ्य सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। जुलाई माह में मातृत्व पोषण, अगस्त में शून्य से छह माह तक के कम वजन एवं गंभीर कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण तथा सितंबर माह में ऊपरी आहार के प्रति जनजागरूकता पर विशेष बल दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान निशा (आंगनबाड़ी केंद्र गौर), निशा (आंगनबाड़ी केंद्र गौर-द्वितीय) एवं आशा (आंगनबाड़ी केंद्र चकचई) की गोद भराई की गई। वहीं लक्ष्मी एवं श्रेया का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। इसके अलावा गंभीर कुपोषण (सैम) से ग्रसित दो बच्चों को पोषण सामग्री वितरित की गई। ब्लॉक प्रमुख जटाशंकर शुक्ला एवं खंड विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने मातृ एवं शिशु पोषण को समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी बताते हुए सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों से पूरी निष्ठा के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यशाला में मेडिकल ऑफिसर डॉ. पुनीत शुक्ला, बीपीएम अभिषेक कुमार, शिक्षा विभाग से लोकेंद्र प्रसाद, मुख्य सेविकाएं गीता सिंह, सीलम शुक्ला, पूजा पांडे, आशा वर्मा, निशा पांडे एवं कमलावती वर्मा सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संतुलित आहार और कुपोषण उन्मूलन पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन संभव जागरूकता रैली के साथ हुआ। रैली ब्लॉक परिसर से प्रारंभ होकर गौर बाजार तक निकाली गई, जिसमें पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को मिला विशेष प्रशिक्षण, गौर में पोषण मिशन पर वृहद कार्यशाला

