नई दिल्ली: कोरोनावायरस का संक्रमण देश में गंभीर होता जा रहा है। देश में शनिवार को ही 44 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 13 नए संक्रमित महाराष्ट्र में मिले हैं। अब राज्य में 65 और देशभर में 301 संक्रमित हैं। हालांकि, इनमें 269 अस्पताल में भर्ती हैं, 23 ठीक हो चुके हैं और चार की मौत हुई है। मध्यप्रदेश के जबलपुर में भी चार मामले सामने आ चुके हैं। इसके बाद जबलपुर और सिवनी को दो दिन और नरसिंहपुर को 14 दिनों के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है। इस बीच, बेंगलुरु से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस में मेंडेटरी क्वारैंटाइन स्टैंप वाले दो यात्री सफर करते मिले। उन्हें तुरंत ट्रेन से उतारकर पूरे कोच को सैनिटाइज किया गया।
- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा- राज्य में कोरोना पॉजिटिव दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दोनों स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ सहयोग नहीं कर रहे थे।
- मानव संसाधन विकास मत्रालय के सचिव अमित खरे ने कहा कि स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी के शिक्षक और अन्य स्टाफ 31 मार्च तक घर से काम करेंगे।
- दिल्ली पुलिस ने कहा कि उसके नाम से जारी सूचना फेक है। इसमें कहा गया है कि जनता कर्फ्यू के समय बाहर निकलने पर 11 हजार रु. जुर्माना लगेगा।
- एयर इंडिया का 787 ड्रीमलाइनर विमान इटली के रोम में फंसे भारतीय छात्रों को निकालने के लिए रोम जाएगा। यह विमान कल सुबह दिल्ली लौटेगा।
- 22 मार्च को जनता कर्फ्यू के समर्थन में गो एयर ने अपनी सभी फ्लाइट कैंसिल की। इंडिगो ने अपनी उड़ानें घटाने की घोषणा की।
- पश्चिम रेलवे ने आज छह ट्रेन (14309, 14310, 22413, 22414, 29019 और 29020) रद्द की गईं।
- एम्स ने अपने ज्यादातर कर्मचारियों को कोरोनावायरस नियंत्रण में लगाया। शनिवार से यहां सिर्फ इमरजेंसी सर्जरी की जाएंगी।
- 18 मार्च को संसद की स्थायी समिति की बैठक में सांसद दुष्यंत सिंह के साथ रहे एविएशन मिनिस्ट्री के अधिकारी सेल्फ क्वारैंटाइन हुए।
- लद्दाख में तीन और संक्रमित मिले। इनमें से दो लेह और एक करगिल में पॉजिटिव पाया गया है। सभी की हालत स्थिर है। इस केंद्र शासित प्रदेश में अब कुल संक्रमित 13 हो गए हैं।
आईसीएमआर की नई गाइडलाइन
आईसीएमआर के नए दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि जो लोग संक्रमित और ज्यादा जोखिम वालों के सीधे संपर्क में रहे हैं, उन्हें संपर्क में आने के दिन से 5वें और 14वें दिन परीक्षण करवाना चाहिए।
राष्ट्रपति का भी टेस्ट होगा
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का भी आज कोरोना टेस्ट करवाया जाएगा। दरअसल, उन्होंने हाल ही में राष्ट्रपति भवन में ब्रेकफास्ट की मेजबानी की थी, जिसमें कोरोना संदिग्ध सांसद दुष्यंत सिंह भी शामिल हुए थे। इससे पहले दुष्यंत सिंगर कनिका कपूर की पार्टी में शामिल हुए थे, जो पॉजिटिव पाई गई हैं। राष्ट्रपति ने अपने सभी नियमित कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।

