नई दिल्ली: कोरोना की जांच में तेजी आई है। आरटी-पीसीआर किट से हर दिन करीब 70 टेस्ट किए जा रहे हैं। शनिवार शाम तक इस जांच का आंकड़ा 10 लाख के पार हो गया। इनमें से 73 हजार 709 शुक्रवार सुबह 9 बजे के बाद किए गए। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के एक अधिकारी ने बताया कि 31 मार्च तक 47 हजार 852 सैम्पल की जांच की गई थी। 30 अप्रैल तक यह संख्या 9 लाख 2 हजार 654 हो गई। वहीं, 1 मई से 3 मई की शाम तक, यह आंकड़ा 1 लाख 37 हजार 346 पर पहुंच गया। आरटी-पीसीआर किट में कोरोना की जांच स्वाब से की जाती है।
पहले सिर्फ पुणे में जांच होती थी, अब देशभर में 389 लैब
पहले यह जांच सिर्फ पुणे के वायरोलॉजी इंस्टीट्यूट में होती थी। मार्च के तीसरे हफ्ते तक 100 लैब में होने लगी। अभी देशभर में 389 लैब में यह जांच हो रही है। इनमें से 292 सरकारी और 97 निजी लैब हैं।
संक्रमितों की संख्या 40 हजार के करीब
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 39 हजार 702 हो गई है। शनिवार को 2437 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। महाराष्ट्र में 790, दिल्ली में 384, गुजरात में 333, उत्तरप्रदेश में 159, पंजाब में 187, राजस्थान में 106, मध्यप्रदेश में 73 मरीज बढ़े। इससे एक दिन पहले ही देश में संक्रमण के 2411 मामले सामने आए थे। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 37 हजार 776 कोरोना संक्रमित हैं। 26 हजार 535 का इलाज चल रहा है। 10 हजार 18 ठीक हो चुके हैं और 1223 की मौत हुई। 24 घंटे में सबसे ज्यादा 1061 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिली। रिकवरी रेट बढ़कर 26.65% हो गया है।
कोरोना पर कुछ अहम अपडेट
- गुजरात के दाहोद में पुलिस पर कथित रूप से प्रवासी मजदूरों ने पथराव किया। इसमें कुछ सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, जिले के एसपी का कहना है कि पथराव कुछ असामाजिक तत्वों ने किया। करीब 40 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
- लॉकडाउन की वजह से भारत में फंसे ब्रिटेन के 270 नागरिक आज कतर एयरवेज के विशेष विमान से अपने देश रवाना हो गए। उन्होंने अमृतसर के श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से देर रात 2:15 बजे उड़ान भरी।
5 दिन जब संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आए
| दिन | मामले |
| 02 मई | 2437 |
| 01 मई | 2411 |
| 28 अप्रैल | 1902 |
| 25 अप्रैल | 1835 |
| 29 अप्रैल | 1702 |
26 राज्य, 6 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
कोरोनावायरस का संक्रमण देश के 26 राज्यों में फैला है। 6 केंद्र शासित प्रदेश भी इसकी चपेट में हैं। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पुडुचेरी शामिल हैं।
| राज्य | कितने संक्रमित | कितने ठीक हुए | कितनी मौत |
| महाराष्ट्र | 12,296 | 2000 | 521 |
| गुजरात | 5054 | 896 | 262 |
| दिल्ली | 4122 | 1256 | 64 |
| मध्यप्रदेश | 2788 | 622 | 153 |
| राजस्थान | 2772 | 1242 | 68 |
| तमिलनाडु | 2757 | 1341 | 29 |
| उत्तरप्रदेश | 2487 | 698 | 43 |
| आंध्रप्रदेश | 1525 | 441 | 33 |
| तेलंगाना | 1061 | 499 | 29 |
| पश्चिम बंगाल | 795 | 139 | 48 |
| जम्मू-कश्मीर | 666 | 254 | 8 |
| कर्नाटक | 601 | 271 | 25 |
| केरल | 500 | 400 | 3 |
| पंजाब | 772 | 112 | 20 |
| हरियाणा | 376 | 242 | 5 |
| बिहार | 481 | 107 | 4 |
| ओडिशा | 160 | 56 | 1 |
| झारखंड | 115 | 22 | 3 |
| उत्तराखंड | 59 | 39 | 1 |
| हिमाचल प्रदेश | 40 | 33 | 2 |
| असम | 43 | 33 | 1 |
| छत्तीसगढ़ | 43 | 36 | 0 |
| चंडीगढ़ | 94 | 19 | 0 |
| अंडमान-निकोबार | 33 | 26 | 0 |
| लद्दाख | 23 | 17 | 0 |
| मेघालय | 12 | 10 | 1 |
| पुडुचेरी | 12 | 5 | 1 |
| गोवा | 7 | 7 | 0 |
| मणिपुर | 2 | 2 | 0 |
| त्रिपुरा | 4 | 2 | 0 |
| अरुणाचल प्रदेश | 1 | 1 | 0 |
| मिजोरम | 1 | 0 | 0 |
ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कुल संक्रमित 37 हजार 776 हैं। 26 हजार 535 का इलाज चल रहा है। 10 हजार 18 ठीक हो चुके हैं और 1223 की मौत हो चुकी है।

