नई दिल्ली: देश में कोरोनावायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश, दिल्ली और राजस्थान सबसे प्रभावित राज्य और केंद्र शासित प्रदेश हैं। यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या 16689 है, जो देश में पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या का करीब 65 फीसदी है। यहां अब तक 619 मरीजों की मौत हुई है, जो देशभर में हुईं कुल मौतों का 78 फीसदी है। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं।
इधर, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 26 हजार 268 हो गई है। शनिवार को महाराष्ट्र में 811, गुजरात में 256, उत्तरप्रदेश में 177, मध्यप्रदेश में 99, तमिलनाडु में 66 और आंध्रप्रदेश में 61 संक्रमित मिले। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में संक्रमितों की कुल संख्या 24 हजार 942 है। इनमें से 18 हजार 953 का इलाज चल रहा है, 5209 ठीक हुए हैं और 779 की मौत हुई है।
देश में नए मामलों की दर घटी
देश में कोरोनावायरस को लेकर शनिवार को एक अच्छी खबर आई। अभी तक औसत हर 9.1 दिन में मरीज दोगुने हो रहे थे। शुक्रवार सुबह 8 बजे से शनिवार 8 बजे के बीच देश में 6 फीसदी की दर से नए मरीज बढ़े। केंद्र सरकार ने यह जानकारी दी। देश में 100 मामले सामने आने के बाद से किसी एक दिन में मरीजों के बढ़ने की यह सबसे कम दर है।
कोरोना पर कुछ अहम अपडेट
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन के दौरान जरूरी मेडिकल उपकरण और दवाईयों की सप्लाई में मदद करने के लिए पोस्टल सेवा से जु़ड़े सभी कर्मचारियों की तारीफ की है। मोदी ने सूचना मंत्री रविशंकर प्रसाद के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा भारतीय पोस्टल सेवा से जुड़े सभी कर्मचारियों को बधाई, हमारे डाकियों ने इस मुश्किल घड़ी में हर तरह से लोगों की मदद की।
- दिल्ली, केरल और गोवा सरकारों ने गृह मंत्रालय के संशोधित आदेश के तहत अपने यहां सभी तरह की दुकानें खोलने का फैसला किया है। हालांकि, सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। गोवा में ई-कॉमर्स कंपनियों को सिर्फ जरूरी सामान की डिलेवरी की इजाजत होगी। हालांकि, कंटेनमेंट जोन में किसी तरह छूट नहीं दी जाएगी। उधऱ, महाराष्ट्र सरकार फिलहाल छूट देने के मूड में नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि 3 मई तक लॉकडाउन में किसी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी।
- केंद्रीय मंत्री समूह की कोरोना संकट को लेकर शनिवार को बैठक हुई। इसमें मौजूद सूत्रों ने न्यूज एजेंसी को बताया कि इस बात पर सहमति बनी कि देश में एंटीबॉडी रैपिड टेस्ट किट से जांच पर फिलहाल रोक लगाई जा रही है। सरकार के मुताबिक, अभी देश में मौजूदा क्षमताओं से 15 लाख टेस्ट किए जा सकते हैं है।
- बंगाल में कोरोना महामारी के हालात का जायजा लेने गई इंटर-मिनिस्ट्रियल टीम (आईएमसीटी) के लीडर ने राज्य सरकार के मुख्य सचिव को चिट्ठी लिखी है। इसमें शिकायत की गई है कि पश्चिम बंगाल सरकार ने सहयोग नहीं किया और पर्याप्त सुरक्षा भी नहीं दी।
- केंद्रीय गृह सचिव राजीव गाबा ने लॉकडाउन और उसमें दी गई छूट की समीक्षा के लिए शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों से बात की।
5 दिन जब संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आए
| दिन | मामले |
| 23 अप्रैल | 1667 |
| 19 अप्रैल | 1580 |
| 21 अप्रैल | 1537 |
| 24 अप्रैल | 1408 |
| 18 अप्रैल | 1371 |
26 राज्य और 6 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
कोरोनावायरस अब तक देश के 26 राज्यों में पैर पसार चुका है। वहीं, देश के 6 केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) में भी यह संक्रमण पहुंच चुका है। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पुडुचेरी शामिल हैं।
| राज्य | कितने संक्रमित | कितने ठीक हुए | कितनी मौत |
| महाराष्ट्र | 7628 | 1076 | 323 |
| दिल्ली | 2625 | 869 | 54 |
| तमिलनाडु | 1821 | 960 | 23 |
| मध्यप्रदेश | 1945 | 210 | 99 |
| राजस्थान | 2083 | 493 | 33 |
| गुजरात | 3071 | 282 | 133 |
| उत्तरप्रदेश | 1793 | 261 | 27 |
| तेलंगाना | 990 | 307 | 25 |
| आंध्रप्रदेश | 1016 | 171 | 31 |
| केरल | 458 | 331 | 4 |
| कर्नाटक | 500 | 153 | 18 |
| जम्मू-कश्मीर | 494 | 109 | 5 |
| पश्चिम बंगाल | 571 | 103 | 18 |
| हरियाणा | 287 | 191 | 3 |
| पंजाब | 309 | 70 | 17 |
| बिहार | 242 | 44 | 2 |
| ओडिशा | 94 | 33 | 1 |
| उत्तराखंड | 48 | 25 | 0 |
| हिमाचल प्रदेश | 40 | 18 | 2 |
| असम | 36 | 19 | 1 |
| छत्तीसगढ़ | 37 | 32 | 0 |
| झारखंड | 66 | 8 | 3 |
| चंडीगढ़ | 28 | 15 | 2 |
| लद्दाख | 20 | 16 | 0 |
| अंडमान-निकोबार | 33 | 18 | 0 |
| मेघालय | 12 | 0 | 1 |
| गोवा | 7 | 7 | 0 |
| पुडुचेरी | 8 | 4 | 1 |
| मणिपुर | 2 | 2 | 0 |
| त्रिपुरा | 2 | 2 | 0 |
| अरुणाचल प्रदेश | 1 | 1 | 0 |
| मिजोरम | 1 | 1 | 0 |
ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में संक्रमितों की कुल संख्या 24 हजार 942 है। इनमें से 18 हजार 953 का इलाज चल रहा है, 5 हजार 209 ठीक हुए हैं और 779 की मौत हुई है।

