प्रशासन ने भेजा 9 वेंटीलेटर, प्रिंसिपल ने कहा हमें 4 ही चाहिए
राजकुमार गौतम/बस्ती। बस्ती जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने निर्देश दिया कि मेंडिकल कालेज में 24 घण्टे के भीतर सभी 9 वेन्टीलेटर मेकेनिक बुलाकर स्थापित करा दिये जाएं। साथ ही उन्होने वेन्टीलेटर लगवाने में रुचि न लेने के लिए प्रधानाचार्य का स्पष्टीकरण भी तलब किया है। उन्होने कहा कि कोरोना वायरस से रोकथाम के लिए सभी आवश्यक प्रबन्ध किए जाएं।
उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस के गम्भीर मामलों में सांस लेने के लिए वेन्टीलेटर की आवश्यकता हो सकती है। यही सोचकर जिलाधिकारी आशुतोंष निरंजन के निर्देश पर सीडीओ सरनीत कौर ब्रोका ने व्यक्तिगत प्रयास से 9 वेन्टीलेटर की व्यवस्था किया, वेन्टीलेटर लगाने के लिए गोरखपुर से मेकेनिक भी आ गया, परन्तु मेडिकल कालेज प्रशासन शासनादेश लेकर खड़ा हो गया और प्रधानाचार्य ने कहा कि शासन से केवल 4 वेन्टीलेटर लगाने का निर्देश हैं। शाम को अधिकारियों की कोर ग्रुप की बैठक में जब यह मामला जिलाधिकारी के सामने आया तो वे मेडिकल कॉलेज की नादानी पर खीझ गये। उन्होने कहा कि शासनादेश के अनुसार कम से कम 4 वेन्टीलेटर होना चाहिए परन्तु इसका यह मतलब नहीं कि आकस्मिकता में भी यही फॉर्मूला लागू होगा। यदि हमारे पास 9 वेन्टीलेटर हैं और इसके लिए समुचित सिलेण्डर भी है, तो शासन का आदेश कहीं आड़े नहीं आता है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि उनके स्तर से लगायी गयी डियूटी में किसी प्रकार का परिवर्तन न किया जाय और यदि परिवर्तन करना आवश्यक हो तो उनके सम्मुख कारण सहित पत्रावली पर आदेश लिया जाय। उल्लेखनीय है कि डियूटी बदले जाने से जिला प्रशासन से तैनात अधिकारी और वहां के स्टाफ के साथं सामंजस्य बनाने में कठिनाई हो रही है। उन्होने कहा कि कोरोना वायरस से सम्भावित मरीज जो आइशोलेसन में है को डिस्चार्ज करने के पूर्व सीडीओ को भी सूचित करेंगे। उन्होने एसीएमओ डॉ. सीएल कन्नौजिया को निर्देश दिया कि वे मेडिकल कालेज, ओपेक कैली अस्पताल तथा जिला अस्पताल की रिपोर्ट उन्हें प्रस्तुत करेंगे।
बैठक में सीडीओ सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि दवाओं एवं उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता हैं। कोरोना वायरस के मरीजों की चिकित्सा में लगे डाक्टर एवं स्टाफ को अलग होटल में रखा जा रहा है। निजी चिकित्सालयों को कोरोना मरीज की देख-भाल के लिए तैयार किया जा रहा है। इसमें वहां तैनात स्टाफ की सेवाए भी ली जायेंगी। बैठक में एडीएम रमेश चन्द्र, सीएमओ डॉ. जेपी त्रिपाठी, एसडीएम सदर श्रीप्रकश शुक्ल, मेडिकल कालेज के सीएमएस डॉ. जीएम शुक्ला, डॉ. फखरेयार हुसेन, डॉ. सीके वर्मा, डॉ. सोमेश, डॉ. सीएल कन्नौजिया, कृषि अधिकारी संजेश श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

