नई दिल्ली:दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को महाभारत का आह्वान करते हुए कहा कि कोरोना वायरस से संक्रमित होने से बचने के लिए घर में रहने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि हर कोई वायरस के खिलाफ लड़ाई में लॉकडाउन का पालन करे जिसकी वजह से दुनियाभर में हजारों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और 10 लाख के करीब लोग इससे प्रभावित हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के उस बयान का जिक्र करते हुए कि कोरोना वायरस 2.5 लाख अमेरिकियों को मार सकता है, केजरीवाल ने बताया कि यह वायरस कितना खतरनाक है और केवल घर पर रहकर ही इससे बचाव किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमें खुद को सुरक्षित रखने के लिए लॉकडाउन प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए क्योंकि कोरोना वायरस काफी खतरनाक है।
इस बारे में आगे बताते हुए केजरीवाल ने महाभारत की एक कहानी सुनाई जिसमें युधिष्ठिर ने विदुर से कहा कि यदि जंगल में आग लगने पर न सबसे मजबूत और ना ही सबसे तेज जानवर जंगल की आग से बच सकेगा, केवल वो जानवर ही बचेंगे जो कि अपने बिल में रहते हैं। केजरीवाल ने कहा कि यह कोरोना वायरस भी जंगल की आग की तरह है। केजरीवाल ने कहा कि जो घर में रहेंगे वे स्वस्थ रहेंगे।
बता दें कि, दिल्ली में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या काफी तेजी से बढ़ती जा रही है। गुरुवार शाम दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राजधानी के मौजूदा हालात पर जानकारी साझा की। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में कोरोना वायरस के अभी तक 219 केस हैं, इनमें 51 केस विदेश से आए लोगों के हैं और 108 केस निजामुद्दीन मरकज के हैं। 29 केस वो हैं जो लोग विदेश से आए थे और उनसे उनके परिवार वालों को भी कोरोना वायरस हो गया।
दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस से 2 लोगों की मौत भी हुई है। इसके बाद दिल्ली में अब तक मरने वालों की कुल संख्या 4 हो गई है। केजरीवाल ने ऐलान किया कि मरकज के 1810 लोग जो क्वारंटाइन हैं हम सबकी जांच कराएंगे। इनमें मरकज के कई मामले गंभीर हैं। केजरीवाल ने कहा कि आने वाले दिनों में दिल्ली में COVID-19 मामलों की संख्या और बढ़ सकती है। दिल्ली में फिलहाल 31,307 लोग सेल्फ क्वारंटाइन हैं।

