ओटावा: कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की लिबरल पार्टी ऑफ कनाडा ने चुनाव जीत लिया है, लेकिन पार्टी को अकेले दम पर बहुमत नहीं मिला। लिबरल पार्टी को 157 सीटों पर जीत मिली है, जो बहुमत के आंकड़े (170 सीटों) से 13 सीटें कम है। मुख्य विपक्षी नेता एंड्रयू स्कीर की कंजर्वेटिव पार्टी ने 121 सीटें जीतीं। चुनाव में वामपंथी रुझान वाली न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी (एनडीपी) के नेता और भारतवंशी जगमीत सिंह किंग मेकर बनकर उभरे हैं। एनडीपी ने 24 सीटें (16%) जीतीं।
वहीं, अलगावादी पार्टी ब्लॉक क्यूबेकोइस को 32 सीटें मिलीं। इससे पहले सोमवार को हुए चुनाव में करीब 65% मतदान हुआ था। चुनाव में 18 पंजाबी सांसद बने हैं, जिसमें 13 पंजाबी सांसद ट्रूडो की पार्टी से हैं। ट्रूडो ने दूसरी बार सत्ता हासिल की है। ट्रूडो ने कहा- ‘‘कनाडा की जनता ने प्रगतिशील एजेंडा चुना है।’’ 40 दिनों की चुनाव प्रचार मुहिम के कारण कनाडा सरकार में हुए घोटालों और लोगों की भारी उम्मीदों के चलते उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को उन्हें बधाई दी।
भारत में ट्रूडो की जीत के मायने
ट्रूडो की जीत भारतीयों के लिए राहत की खबर है। अगर कंजर्वेटिव पार्टी जीत जाती तो भारतीयों को वीजा लेने में भारी परेशानी आ सकती थी। सबसे बड़ी दिक्कत स्टूडेंट वीजा लेने वालों को ही पेश आती। इमिग्रेशन नियम और सख्त होते। ट्रूडो के प्रधानमंत्री बनने के बाद पहले साल 80 हजार छात्रों को स्टूडेंट वीजा दिया गया, जो बढ़ते बढ़ते 2019 तक प्रति वर्ष डेढ़ लाख तक पहुंच चुका है। लिबरल पार्टी को हमेशा इमिग्रेंटस के लिए नरम रवैया रखने वाला माना जाता है।
कनाडा
कुल संसदीय सीट- 338
| पार्टी | सीट | प्रतिशत |
| लिबरल पार्टी ऑफ कनाडा | 157 | 33% |
| कंजर्वेटिव पार्टी | 121 | 34.4% |
| ब्लाॅक क्यूबेकाेइस | 32 | 7.7% |
| न्यू डेमाेक्रेटिक पार्टी | 24 | 15.9% |
| ग्रीन पार्टी | 03 | 6.5% |
18 पंजाबी सांसद जीते, ट्रूडो की पार्टी में 13 पंजाबी
इस बार के चुनावों में कुल 18 पंजाबी सांसद बने हैं, जिनमें से 13 सांसद सरकार में से हैं। एनडीपी के जगमीत अपनी पार्टी से अकेले पंजाबी सांसद बने। कंजर्वेटिव पार्टी से 4 पंजाबी सांसद चुने गए हैं।
- हरजीत सिंह सज्जन, वैंकूवर
- रामेश्वर सिंह संघा, ब्राम्पटन
- रणदीप सिंह सराय, सरी सेंटर
- कमल खैहरा, ब्राम्पटन वेस्ट
- राज सैनी, िकचनर सेंटर
- सुख धालीवाल, सरी न्यूटन
- रूबी सहोता, ब्राम्पटन नॉर्थ
- नवदीप सिंह बैंस, मिसिसॉगा माल्टन
- सोनिया सिद्धू, ब्राम्पटन
- अंजू ढिल्लों, लछीन लासाल
- गगन सिकंद, मिसिसॉगा स्ट्रीट
- बरदीश चग्गर, वाटरलू
- मनिंदर सिंह सिद्धू, ब्राम्पटन ईस्ट
जगमीत ट्रूडो का ही समर्थन करेंगे
ट्रूडो के लिए राहत इस बात की है कि जगमीत की पार्टी एनडीपी ने पहले ही ऐलान कर दिया था कि किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिलने की सूरत में उनकी पार्टी ट्रूडो को समर्थन देगी। कनाडा में भारतीय समुदाय के 15 से 16 लाख लोग हैं और उनमें करीब 5 लाख सिख हैं। उनके लिए ट्रूडो लोकप्रिय नेता हैं। वे उन्हें प्यार से जस्टिन सिंह कहते हैं।

