बस्ती, (उ.प्र.)। जनपद में किसानों की आय में वृद्धि और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया है। विकास भवन सभाकक्ष में बुधवार को आयोजित जनपद सिंचाई बंधु की बैठक में यह बातें सामने आईं। बैठक की अध्यक्षता उपाध्यक्ष गजेन्द्रमणि त्रिपाठी ने की, जिन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।
उपाध्यक्ष ने बैठक में किसानों के बकाया गन्ना मूल्य के शीघ्र भुगतान पर बल दिया। ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक ने बताया कि वर्ष 2016 तक का बकाया भुगतान पूर्ण कर लिया गया है, जबकि वर्ष 2017 के भुगतान की प्रक्रिया चल रही है। उपाध्यक्ष ने इस कार्य को और तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में नहरों की शिल्ट सफाई और रेनकट/होल की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिशासी अभियंता नोडल सरयू नहर खंड-4 दिनेश मोहन को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उपाध्यक्ष ने विशेष रूप से नहरों के संचालन की वर्तमान स्थिति का सर्वे कराने और जनप्रतिनिधियों को अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। सरयू नहर खंड-4 के सहायक अभियंता विजय कुमार आर्य ने बताया कि 10 माइनरों में से 6 की टेल फीडिंग की जा चुकी है, लेकिन पर्याप्त जल उपलब्धता की कमी के कारण सिंचाई में दिक्कतें आ रही हैं। कप्तानगंज के विधायक प्रतिनिधि गुलाब चन्द्र सोनकर ने विद्युत विभाग से संबंधित समस्याएं उठाईं।
उन्होंने बताया कि कप्तानगंज विकास खंड के बढ़या गांव में कनेक्शन तो दिए गए, लेकिन दबंगों की दखल के कारण विद्युत संयोजन नहीं हो सका, फिर भी उपभोक्ताओं के बिल जनरेट हो रहे हैं। इसके अलावा, बनकटी विकास खंड के अहिरौली गांव में बिलों में अनियमितता की शिकायतें मिली हैं। इन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जेई सदर को निर्देश दिए गए। लघु सिंचाई विभाग की गरिमा द्विवेदी ने बताया कि जिले में 5850 निःशुल्क बोरिंग के लक्ष्य के सापेक्ष 56 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। सहायक अभियंता नलकूप ने बताया कि 4 नलकूप यांत्रिक दोष और 2 विद्युत दोष के कारण बंद हैं, जिन्हें जल्द चालू करने की कार्यवाही चल रही है। उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम ने बताया कि उर्वरक, कृषि रसायन और बीज के मिनी किट का वितरण मानकों के अनुरूप किया जा रहा है।
साथ ही, फार्मर रजिस्ट्री और ई-केवाईसी के लिए किसानों को सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। परियोजना निदेशक राजेश कुमार ने अधिकारियों को समयबद्धता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैठक की कार्यवृत्ति जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को तुरंत उपलब्ध कराई जाए। बैठक में विधायक हर्रैया के प्रतिनिधि सरोज मिश्रा, सदर के मो. सलीम, भानुप्रताप त्रिपाठी, धर्मेन्द्र कुमार सिंह, शिव गोविन्द शुक्ला, विपिन कुमार, आदित्य कुमार, त्रिलोचन नाथ तिवारी, प्रदीप कुमार गुप्त, अम्बिकेश प्रताप सिंह और विजय कुमार सिंह उपस्थित रहे। बैठक का संचालन सरयू नहर खंड-4 के सहायक अभियंता विजय कुमार आर्य ने किया।
किसानों को योजनाओं का समयबद्ध लाभ सुनिश्चित करने पर जोर

