बस्ती (उ.प्र.)। जनपद बस्ती में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला सिंचाई बंधु की बैठक उपाध्यक्ष गजेंद्रमणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में किसानों को सरकारी योजनाओं से अधिकतम लाभ पहुंचाने और उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
उपाध्यक्ष गजेंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि शासन की मंशा है कि हर हाल में किसानों की आय में उच्चतर वृद्धि हो और उन्हें संचालित योजनाओं का पूरा लाभ मिले। मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने के सख्त निर्देश दिए तथा बैठक की कार्यवाही की अनुपालन रिपोर्ट एक सप्ताह में जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में विधायक प्रतिनिधि हर्रैया सरोज मिश्र ने अधिकारियों से योजनाओं को किसानों के हित में व्यावहारिक रूप से लागू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय किसानों की समस्याओं से जनप्रतिनिधियों को सीधे सामना करना पड़ता है।
यह वर्ष की अंतिम बैठक होने के कारण नए वर्ष में सभी के नवउत्साह से भागीदारी की अपेक्षा व्यक्त की। कप्तानगंज विधायक प्रतिनिधि गुलाब चंद्र सोनकर ने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं पर व्यय धनराशि का पारदर्शी विवरण प्रस्तुत करने को कहा, जबकि सदर विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद सलीम ने खराब नलकूपों के मलबे को सड़क से हटाने की मांग उठाई। इस पर सीडीओ ने नलकूप अधिशासी अभियंता को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सरयू नहर खंड-4 के सहायक अभियंता अजय कुमार ने बताया कि किसानों के लिए 220 क्यूसेक पानी उपलब्ध है और शीघ्र ही अंतिम टेल तक पहुंच जाएगा। जिला गन्ना अधिकारी अंगद प्रसाद सिंह ने गन्ना मूल्य भुगतान की प्रगति बताते हुए कहा कि वाल्टरगंज चीनी मिल का मात्र 12.94 करोड़ रुपये बकाया शीघ्र भुगतान किया जाएगा। उद्यान विभाग ने सब्जी बीजों पर मुफ्त सब्सिडी की जानकारी दी, जबकि सिंचाई पाइपलाइन के 2000 हेक्टेयर लक्ष्य के मुकाबले 393 हेक्टेयर कार्य पूरा होने की सूचना दी गई।बैठक में सांसद प्रतिनिधि जवाहर लाल वर्मा, विधायक प्रतिनिधि महादेवा फूलचंद्र श्रीवास्तव सहित नलकूप, बाढ़, सरयू नहर, लघु सिंचाई, भूमि संरक्षण, कृषि एवं वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
किसानों के हित में बड़ा फैसला: बस्ती बैठक में नहरों तक पानी पहुंचाने व गन्ना भुगतान पर जोर

