कोलकाता:कोविड-19 से हालात का जायजा लेने उत्तर बंगाल पहुंची केंद्र की एक टीम ने पश्चिम बंगाल सरकार को पत्र लिख कर उत्तर बंगाल में लॉकडाउन का और सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। दो केन्द्रीय टीमें राज्य के दौरे पर हैं। एक टीम कोलकाता और दूसरी उत्तर बंगाल के सिलिगुडी का दौरा कर रही हैं।
उत्तर बंगाल का दौरा कर रही टीम ने मुख्य सचिव राजीव सिन्हा को पत्र लिख कर कहा कि हालत पर नजर रखने और सरकार द्वारा उठाए गए विभिन्न कदम कितने प्रभावी साबित हो रहे हैं, इन बातों की जानकारी देने के लिए और फील्ड अधिकारियों की जरूरत है। इस टीम की अगुवाई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विनीत जोशी कर रहे हैं।
जोशी ने अपने पत्र में कहा, ”तत्काल कदम के तौर पर यह सुझाव दिया जाता है कि महामारी को और आगे फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन का और सख्ती से पालन होना जरूरी है। हालत पर नजर रखने और सरकार द्वारा उठाए गए विभिन्न कदम कितने प्रभावी साबित हो रहे हैं, इन बातों की जानकारी देने के लिए और फील्ड अधिकारियों को तैनात करने की जरूरत है।” उन्होंने सिलिगुडी के पुलिस आयुक्त के साथ बैठक की भी मांग की ताकि उत्तर बंगाल में कोविड-19से निपटने के लिए राज्य की तैयारियों के बारे में सूचना जुटाई जा सके।
इससे पहले कोरोना वायरस संकट से पैदा हुई स्थिति का आकलन करने के लिए कोलकाता का दौरा कर रही केंद्रीय टीम ने शुक्रवार को भी पश्चिम बंगाल सरकार को एक पत्र लिख कर कोविड-19 संक्रमण से होने वाली मौत के कारणों की जांच करने वाली समिति के कामकाज के बारे में एक विस्तृत ब्योरा मांगा था। साथ ही, समिति के सदस्यों के साथ बातचीत करने की भी इजाजत देने की मांग की थी।
पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी के मामले 385 हो गए हैं और इससे मरने वालों की संख्या 57 हो गई है। राज्य सरकार द्वारा गठित ऑडिट कमेटी ने शुक्रवार (24 अप्रैल) को बताया कि कोविड-19 से जिन 57 लोगों की मौत हुई है उनमें से 39 लोग अन्य बीमारियों से पीड़ित थे, जबकि 18 लोगों की कोरोना वायरस से मौत हुई है।

