कांदिवली। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के तत्वाधान मे तेरापंथ युवक परिषद कांदिवली* के निर्देशन मे तेरापंथ किशोर मंडल, कांदिवली द्वारा किशोर दिवस का आयोजन 2 अगस्त 2026 को तेरापंथ भवन, कांदिवली में अत्यंत उत्साह, उमंग एवं आध्यात्मिक वातावरण के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में 30 से अधिक किशोरों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही, जिससे संपूर्ण वातावरण धर्म, संस्कार, ऊर्जा एवं भाईचारे की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।
आचार्य श्री महाश्रमण जी की विदुषी सुशिष्या शासन श्री साध्वी श्री विद्यावती जी द्वितीय के पावन सान्निध्य एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने किशोरों में धार्मिक संस्कार, संगठन भावना, नेतृत्व क्षमता एवं आपसी आत्मीयता को और अधिक सुदृढ़ किया।
इस अवसर पर श्री मयंक जी धाकड़ – राष्ट्रीय प्रभारी, तेरापंथ किशोर मंडल, श्री मिठालाल जी धाकड़ – अध्यक्ष, तेरापंथ सभा, कांदिवली, तेयूप कांदिवली मंत्री विमल धाकड, निवर्तमान अध्यक्ष राजेंद्र जी दुगड,अशोक जी कोठारी, कमलेश जी कोठारी सहित सभा एवं तेयुप के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंतर्गत अनेक प्रेरणादायी एवं आकर्षक गतिविधियों का आयोजन किया गया। भिक्षु स्वामी नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से किशोरों ने आचार्य भिक्षु के जीवन, आदर्शों एवं संदेश को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। जैन संस्कार विधि के अनुसार जन्मदिवस मनाकर भारतीय एवं जैन संस्कृति के श्रेष्ठ संस्कारों का संदेश दिया गया। सामूहिक सामायिक में 30 से अधिक किशोरों ने एक साथ सहभागिता कर आध्यात्मिक साधना एवं आत्मचिंतन का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
टी.के.एम. लेगेसी रीयूनियन* के अंतर्गत किशोर मंडल की प्रेरणादायी यात्रा का स्मरण किया गया। इस अवसर पर किशोर मंडल के प्रमुख प्रेरणास्रोत एवं सशक्त आधार स्तंभ श्री अभिषेक जी चपलोत की विशेष उपस्थिति रही। इनोवेशन एक्सपो में किशोरों द्वारा अभिनव स्टार्टअप आइडियाज़ एवं रचनात्मक नवाचारों का प्रदर्शन किया गया, जिसने सभी उपस्थितजनों का विशेष आकर्षण प्राप्त किया। इसके साथ ही अनेक रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं में ऋषभ जैन, विनीत कोठारी, मानव चपलोत, अभिनंदन सुराणा आदि कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन प्रेरणादायी वातावरण में हुआ। किशोरों ने धर्म, संस्कार, अनुशासन एवं नेतृत्व के पथ पर निरंतर अग्रसर रहने का संकल्प लिया।
कांदिवली तेरापंथ भवन में किशोर दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न

