बस्ती (उ.प्र.)। जिले के शिवनगर तुरकहिया मोहल्ले में जमीन विवाद को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष और दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री महेश शुक्ला पर पत्रकार विपिन त्रिपाठी को धमकी देने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, पत्रकार विपिन त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि उनके घर के सामने रास्ते की सुविधा के लिए मलबा डलवाया गया था, जिसे लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर महेश शुक्ला अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज के साथ हाथापाई की।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मंत्री पर पत्रकार को गोली मारने और जिंदा दफन करने जैसी धमकी देने के आरोप लगाए जा रहे हैं। मामले में पत्रकार की ओर से कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है और सुरक्षा की मांग की गई है। इस मामले में अभी तक महेश शुक्ला की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जमीन विवाद को लेकर उत्तर प्रदेश गौसेवा आयोग उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने पत्रकार को दी धमकी, वीडियो वायरल

