बेंगलुरु। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) द्वारा चेन्नई में 20 से 22 जून 2026 तक आयोजित जीतो नेशनल स्पोर्ट्स मीट 2026 में जीतो बेंगलुरु के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 37 पदक अर्जित कर बेंगलुरु का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में बेंगलुरु टीम ने 10 स्वर्ण, 12 रजत एवं 15 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार परिचय दिया।
राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु बेंगलुरु से 82 खिलाड़ियों का चयन किया गया था। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत बेंगलुरु के सिटी इंस्टीट्यूट, शंकरपुरम में दो दिवसीय विशेष चयन एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 180 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रशिक्षित कोचों द्वारा खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर विभिन्न खेलों के लिए अंतिम टीम का चयन किया गया।
चयनित खिलाड़ियों ने अंडर-13, अंडर-15 एवं अंडर-19 आयु वर्ग में बालक एवं बालिका श्रेणियों का प्रतिनिधित्व किया। खिलाड़ियों ने बैडमिंटन, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, शतरंज, स्विमिंग के साथ-साथ 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़, तथा लॉन्ग जंप एवं शॉट पुट जैसी ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
देशभर से 500 से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता वाली इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीतो बेंगलुरु ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करते हुए दो विशेष उपलब्धियां भी अपने नाम कीं। बेंगलुरु को केकेजी जोन में सर्वाधिक पदक जीतने वाली टीम (Highest Medal Tally – KKG Zone) तथा किसी भी चैप्टर से सर्वाधिक खिलाड़ियों की सहभागिता (Highest Number of Players Participating from a Chapter – Bangalore) के सम्मान से नवाजा गया।
इस अवसर पर जीतो बेंगलुरु नॉर्थ के चेयरमैन श्री विमल कटारिया, जीतो बेंगलुरु साउथ की ओर से चेयरमैन श्री रणजीत सोलंकी, महामंत्री श्री नितिन लूनिया, स्पोर्ट्स संयोजक श्री शेखर चानोदिया, श्री चेतन बोहरा तथा सहसंयोजक श्री श्रेयांश रखेचा, श्री प्रीतेश जैन जीतो बेंगलुरु से श्री नेमीचंद दलाल, श्री सुनील लोढ़ा, श्री उदय जैन, श्री राजकुमार कोठारी, श्री महेंद्र जियानी, श्री विजय मेहता, श्री दिनेश लोढ़ा, श्री प्रमित बाफना, श्री रौनक जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
यह उपलब्धि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं संपूर्ण सहयोगी टीम के सामूहिक प्रयास, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का परिणाम है। जीतो बेंगलुरु परिवार ने सभी खिलाड़ियों एवं उनके परिवारों को इस गौरवपूर्ण सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
जीतो नेशनल स्पोर्ट्स मीट 2026 में बेंगलुरु का शानदार प्रदर्शन, 37 पदक जीतकर बढ़ाया गौरव

