बेंगलुरु। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) बेंगलुरु नॉर्थ चैप्टर फाउंडेशन द्वारा गांधीनगर स्थित नव-निर्मित जीतो कार्यालय में रविवार को ‘कॉफी विद जीतो 6.0’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य जीतो सदस्यों, उद्यमियों एवं उनके परिवारों को एक मंच पर लाकर आपसी परिचय, व्यावसायिक नेटवर्किंग, संगठन की गतिविधियों से जोड़ना तथा नए कार्यालय का अवलोकन कराना रहा। इस अवसर पर सदस्यों ने आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित जीतो कार्यालय का अवलोकन किया और इसे समाज, व्यवसाय एवं सेवा गतिविधियों का सशक्त केंद्र बताया। जीतो बेंगलुरु नॉर्थ चैप्टर के अध्यक्ष श्री विमल कटारिया ने कहा कि जीतो केवल एक व्यावसायिक संगठन नहीं, बल्कि समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाला एक सशक्त मंच है। उन्होंने साधर्मिक परिवारों के लिए आर्थिक सहायता, JIIF के माध्यम से विद्यार्थियों को ब्याजमुक्त शिक्षा ऋण, ‘श्रमण आरोग्यम’ योजना के अंतर्गत साधु-साध्वियों की स्वास्थ्य सेवाएं तथा सेंटर फॉर एक्सीलेंस (सीएफई) एवं स्टार्टअप्स के लिए प्रशिक्षण एवं फंडिंग जैसी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी सदस्यों से इन सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
जीतो बेंगलुरु नॉर्थ के महामंत्री श्री विजय सिंघवी ने कहा कि वर्तमान मैनेजिंग कमेटी जीतो के इतिहास की सबसे सशक्त और समर्पित टीम है, जिसकी सफलता का श्रेय अध्यक्ष श्री विमल कटारिया के दूरदर्शी नेतृत्व को जाता है। उन्होंने बताया कि ‘कॉफी विद जीतो’ संवाद श्रृंखला का उद्देश्य सदस्यों से सीधे जुड़कर उनके सुझावों और अपेक्षाओं को जानना है, ताकि संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने अपना परिचय देते हुए अपने-अपने व्यवसाय की जानकारी साझा की तथा जीतो के कार्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। सदस्यों ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशिक्षण, उद्यमिता एवं समाज सेवा के क्षेत्र में जीतो का कार्य सराहनीय है और इसकी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार होना चाहिए। उन्होंने जेएटीएफ सहित विभिन्न आयामों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने, युवाओं को प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ने तथा जीतो को संपूर्ण जैन समाज की एकजुट एवं सशक्त संस्था के रूप में आगे बढ़ाने पर जोर दिया। सदस्यों ने यह भी कहा कि आज जीतो बेंगलुरु अपने उत्कृष्ट कार्यों के कारण राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान बना चुका है।
सह-संयोजक श्री विनोद नंदावत ने सभी सदस्यों से जीतो की गतिविधियों में निरंतर सक्रिय सहभागिता निभाते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। सह-संयोजक श्री नितेश गांधी ने कहा कि सदस्यों की सक्रिय भागीदारी, आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच ही जीतो को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की सबसे बड़ी शक्ति है। इस अवसर पर जीतो बेंगलुरू नॉर्थ के उपाध्यक्ष दिनेश बाफना, मैनेजिंग कमेटी सदस्य अरविंद टपरावत, रमेश दक, सुरेश माण्डोत, सतीश पोरवाड़, राकेश पोखरना, मंत्री पंकज एस बॉलर एवं अन्य कई पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में संयोजक श्री दिनेश लोढ़ा ने उपस्थित सभी सदस्यों, पदाधिकारियों एवं अतिथियों का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से कॉफी विद जीतो 6.0 पूर्णतः सफल रहा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी सदस्य इसी उत्साह के साथ संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते रहेंगे।
जीतो बेंगलुरु नॉर्थ के नए कार्यालय में ‘कॉफी विद जीतो 6.0’ का सफल आयोजन, नेटवर्किंग और संगठन विस्तार पर रहा विशेष जोर

