जीतो के एक प्रतिनिधि मंडल ने केकेजी ज़ोन अध्यक्ष प्रवीण बाफना के नेतृत्व में कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत से भेंट कर जैन समुदाय, श्री क्षेत्र धर्मस्थल एवं डॉ. वीरेंद्र हेगड़े को निशाना बनाकर किए जा रहे दुर्भावनापूर्ण प्रचार के विरुद्ध कार्यवाही करवाने का अनुरोध किया। बाफना ने महामहिम से कहा कि अल्पसंख्यक जैन समुदाय एवं डॉ. वीरेंद्र हेगड़े को प्रभावित करने वाले एक गंभीर विषय की ओर आपका ध्यान आकर्षित करवाना चाहते हैं। श्री क्षेत्र धर्मस्थल एवं हेगड़े दोनों के प्रति जैन समाज सहित राज्यभर के लाखों अनुयायियों की आस्था जुड़ी है। प्रतिनिधि मंडल में शामिल जीतो बेंगलुरु नॉर्थ के अध्यक्ष विमल कटारिया ने राज्यपाल से कहा कि हमारे संज्ञान में आया है कि कुछ असंतुष्ट एवं दुर्भावनापूर्ण तत्व गुप्त उद्देश्यों से विभिन्न माध्यमों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर व्यवस्थित रूप से झूठी, अपमानजनक एवं भड़काऊ सामग्री फैला रहे हैं, जिससे कर्नाटक की जनता एवं पूज्य स्थलों की छवि खराब हो रही है।
जीतो साउथ के अध्यक्ष रणजीत सोलंकी एवं अल्पसंख्यक प्रभारी इंदर नाहर ने इस मुद्दे पर अपने विचार राज्यपाल को भेजे।
प्रतिनिधि मंडल में शामिल जीतो केकेजी ज़ोन के अल्पसंख्यक एवं मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ बोहरा ने राज्यपाल से कहा कि इस तरह की हरकतों से पूरे समुदाय की भावनाओं को गहरी चोट पहुंचती है और कर्नाटक का समस्त जैन समाज इस कृत्य की कड़ी निंदा करता है। चंपालाल भंडारी ने राज्यपाल से अनुरोध किया कि संबंधित अधिकारियों को इस दुष्प्रचार के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध तत्काल एवं उचित कानूनी कार्यवाही का निर्देश दें ताकि शांति एवं सद्भाव को भंग करने के प्रयासों को रोका जा सके। सिद्धार्थ बोहरा ने जीतो द्वारा समाज हित में संचालित विभिन्न योजनाओं का विवरण रखा। प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल को स्वामी विवेकानंद के साथी वीरचंद राघवजी गांधी द्वारा लिखित पुस्तक “जैन फिलॉसफी” भेंट की। राज्यपाल ने प्रतिनिधि मंडल से कहा कि इस संबंध में सरकार को पत्र लिखा गया है और जरूरत पड़ी तो पुनः सरकार को आगाह किया जाएगा। जीतो पदाधिकारियों के साथ प्रतिनिधि मंडल में शामिल चंपालाल भंडारी ने दिगंबर जैन समाज, अशोक शेट्टी ने खंडेलवाल दिगंबर समाज, सिद्धार्थ जैन ने कर्नाटक श्वेतांबर जैन फोरम का ज्ञापन राज्यपाल को सौंपा।
जैन समाज एवं श्री क्षेत्र के विरुद्ध दुर्भावनापूर्ण प्रचार बंद हो
Highlights
- जीतो पदाधिकारियों के साथ जैन समाज प्रतिनिधियों ने की राज्यपाल से भेंट

