नई दिल्ली:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावों के मद्देनजर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी सिलसिले में भाजपा के ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ अभियान के तहत मंगलवार को पीएम मोदी ने नमो एप के जरिए कई जिलों के भाजपा कार्यकर्ताओं से बात की। इस दौरान संवाद की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “यह सौभाग्य की बात है कि नवरात्री के पहले ही दिन देशभर के कार्यकर्ताओं से बातचीत का अवसर मिल रहा है।’
इस दौरान मोदी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन सबको देश के लिए, गांव-गरीब के लिए और अधिक ऊर्जा, और अधिक प्रतिबद्धता के साथ काम करने के लिए प्रेरित करना है। मोदी ने कहा कि चुनाव जीतना किसी को परास्त करने का अहंकार नहीं है, बल्कि ये सेवा करने का एक अवसर है।
विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘हम सुख बांटने वालें हैं, वो समाज बांटने वाले हैं, हमें सुख बांटकर हर किसी की जिंदगी में सुख लाने का प्रयास करना है, उनका समाज बांटकर खुद के परिवार का भला करने का सपना है।’
पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं के सवाल के जवाब में कहा कि भारतीय संस्कृति नित्य नूतन चिर पुरातन है। भारत के पास वो सांस्कृतिक विरासत है जिसकी आवश्यकता पूरी दुनिया को है। दुनिया के सामने खड़ी चुनौतियों के बीच जीवन जीने की कला सिखाती हमारी संस्कृति एक आशा की किरण है।
पीएम ने कहा कि आजादी के बाद दशकों तक यह माना जाता था कि भारत सपेरों और चूहे पकड़ने वालों का देश है और सबसे बदतर स्थिति ये रही कि देश पर दशकों तक शासन करने वाले राजनीतिक वर्ग ने इन हास्यास्पद बातों को बढ़ावा दिया। पीएम मोदी ने उदाहरण देते हुए कहा कि आपने एक ऐसी तस्वीर देखी होगी, जिसमें भारत के एक प्रधानमंत्री विदेशी मेहमान के साथ हैं और एक सपेरा बीन बजा रहा है। क्या हमारा आत्मसम्मान इतना गिरा हुआ है?
एक अन्य सवाल के जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि आर्थिक हो या सामाजिक वरिष्ठ नागरिक आत्म निर्भर रहें इसको सुनिश्चित करने के लिए हमारी सरकार ने काम किया है। आयुष्मान भारत योजना के बारे में कार्यकर्ताओं से बात करते हुए पीएम ने कहा कि उम्र बीतने के साथ-साथ स्वास्थ संबंधी दिक्कतें भी आने लगती हैं। दवाइयों और इलाज का खर्चा बढ़ जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए जन-औषधि योजना शुरू की गई ताकि दवाइयां सस्ते दामों पर उपलब्ध हों।
हम सुख बांटने वालें हैं, वो समाज बांटने वाले : पीएम मोदी

