बेंगलुरु। जीतो लेडीज़ विंग बेंगलुरु नॉर्थ द्वारा “इंडस्ट्रियल विजिट – जर्नी ऑफ लर्निंग एंड सेरेनिटी” का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष औद्योगिक एवं आध्यात्मिक भ्रमण में 80 से अधिक सदस्यों ने भाग लेकर उद्योग, प्रबंधन तथा आध्यात्मिक जीवन के विविध आयामों को निकट से समझने का अवसर प्राप्त किया।
जीतो लेडीज़ विंग बेंगलुरु नॉर्थ की अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी बाफना ने सभी का स्वागत करते हुए अपने उद्बोधन में सदस्यों की सीखने की जिज्ञासा एवं नए अवसरों को व्यवसाय में परिवर्तित करने की सकारात्मक सोच की सराहना की। महामंत्री श्रीमती रक्षा छाजेड़ ने औद्योगिक भ्रमण के उद्देश्य तथा उद्यमशीलता की यात्रा में ऐसे अनुभवों के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का शुभारंभ संयोजिका श्रीमती प्रेमा रांका द्वारा नवकार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। सह-संयोजिका श्रीमती कला लूनावत ने नम्मुरा होटल के पार्टनर श्री सुहास हटवार एवं उनकी टीम का परिचय कराया।
भ्रमण के प्रथम चरण में नम्मुरा होटल में सदस्यों को हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट, ऑपरेशनल एक्सीलेंस, ग्राहक सेवा तथा एक सफल होटल के पर्दे के पीछे संचालित होने वाली व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। होटल के पार्टनर श्री सुहास हटवार ने स्वयं सदस्यों को होटल के विभिन्न विभागों का भ्रमण करवाते हुए होटल संचालन की बारीकियों से अवगत कराया। इसके पश्चात आयोजित संवादात्मक सत्र में सदस्यों ने प्रबंधन से सीधे संवाद कर अपने प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए। सामूहिक भोजन एवं नेटवर्किंग सत्र ने सदस्यों के बीच आपसी संवाद एवं संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाया।
भ्रमण के द्वितीय चरण में सदस्यों ने श्री श्री रविशंकर आश्रम का दौरा किया। वहाँ उन्होंने आश्रम के शांत एवं आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया तथा विश्वप्रसिद्ध विशालाक्षी मंटप, ध्यान केंद्र एवं मंदिरों का दर्शन किया। साथ ही समग्र कल्याण, माइंडफुलनेस एवं सेवा पर आधारित आश्रम के दर्शन और कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। आश्रम स्थित गौशाला का भ्रमण भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जहाँ 19 विभिन्न नस्लों की गायों तथा गौसंवर्धन के प्रेरणादायी दृष्टिकोण से सदस्यों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में मेंटर श्रीमती रेशमा पुनमिया तथा उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन वेदमुथा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की सफलता में समिति सदस्य श्रीमती बिंदु नाहर, श्रीमती मोना आंचलिया, श्रीमती सारिका जैन, श्रीमती नेहा भंडारी, श्रीमती स्वीटी जैन, श्रीमती लेखा गांधी एवं श्रीमती साधना धोखा का विशेष योगदान रहा।
यह भ्रमण औद्योगिक ज्ञान, व्यावसायिक प्रेरणा, आध्यात्मिक जागरूकता एवं आपसी सौहार्द का सुंदर संगम सिद्ध हुआ। प्रतिभागियों ने इसे प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक एवं अविस्मरणीय अनुभव बताते हुए कहा कि यह उनके व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक विकास में निश्चित रूप से सहायक सिद्ध होगा।
ज्ञान, उद्यमिता एवं आध्यात्मिकता का संगम : जीतो लेडीज़ विंग बेंगलुरु नॉर्थ का औद्योगिक एवं आध्यात्मिक भ्रमण

