कप्तानगंज, बस्ती:- कप्तानगंज ब्लॉक क्षेत्र के बैहार गांव में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। खेत देखने निकले पूर्व प्रधान पर गन्ने के खेत से अचानक निकली नीलगाय ने हमला कर दिया। नीलगाय के सींग से सीने में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार बैहार गांव निवासी जैसराम (48) पुत्र गजाधर रविवार सुबह गांव के पूर्वी चकरोड से होकर अपने खेत देखने जा रहे थे। इसी दौरान गन्ने के खेत से अचानक निकली नीलगाय ने उन पर हमला कर दिया। हमले में नीलगाय का सींग उनके सीने में लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
