नई दिल्ली:अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पार पाकिस्तानी सीमा में लश्कर, जैश और हिजबुल मुजाहिदीन के करीब 24 आतंकी स्नाइपर हमले और बैट की साजिश को अंजाम देने के लिए पीओके के अलग-अलग लॉन्चिंग पैड पर तैयार बैठे हैं। इनके लिए कवर फायरिंग, वर्दी, साजो सामान का इंतजाम पाक एजेंसियों ने किया है।
नवंबर के आखिरी तक घुसपैठ करके भारतीय जवानों को सीधा निशाना बनाने की रणनीति से भारतीय एजेंसियां चौकन्ना है। विभिन्न खुफिया एजेंसियों, बीएसएफ व अन्य सुरक्षा बलों के साथ पाक सेना व आईएसआई की आतंकियों के साथ बनाई योजना को साझा करते हुए सतर्कता का निर्देश दिया गया है।
आतंकियों की रणनीति का पर्दाफाश
रिपोर्ट के मुताबिक, हिजबुल मुजाहिदीन के पांच स्नाइपर पीओके के दुधनियाल में लॉन्चिंग पैड पर मौजूद हैं। कलसियान और रुमलीधारा में लश्कर के पांच स्नाइपर गाइड सरदार गुजर के साथ लांच पैड पर मौजूद हैं। छह लश्कर आतंकियों का एक अलग समूह गाइड अरशद खान की अगुवाई में जो पीओके के बट्टल गांव में कैंप कर रहा है । सात-आठ जैश आतंकियों का समूह पीओके के नट्टर गांव में रुका हुआ है।
जैश के 13 आतंकियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल
एनआईए ने जम्मू कश्मीर के नगरोटा में सेना के एक शिविर पर नवंबर 2016 में हुए हमले के मामले में आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के उप प्रमुख एवं मौलाना मसूद अजहर के भाई मौलाना अब्दुल रोउफ असगर तथा 13 अन्य के खिलाफ मंगलवार को एक आरोपपत्र दाखिल किया। .
बड़ी साजिश का हिस्सा
भारतीय एजेंसियों ने आशंका जताई है कि यह सभी आतंकी स्नाइपर हमलों में प्रशिक्षित हैं। बैट टीम की साजिश में भी इन्हें शामिल किया गया है। एजेंसियों की रिपोर्ट में दावा किया है कि अलग-अलग लॉन्चिंग पैड पर मौजूद आतंकियों की टीम को स्नाइपर हमले, बॉर्डर एक्शन टीम की नापाक साजिश और आईईडी बिछाने की साजिश में शामिल किया जा सकता है।.
स्नाइपर हमलों में तेजी
सूत्रों ने कहा, पिछले कुछ माह में स्नाइपर हमलों में तेजी आई है। पाक की ओर से आतंकियों की जो खेप भेजने की कोशिश हो रही है उनका निशाना सुरक्षा बलों के जवान हैं।
घुसपैठ की फिराक में जैश के 24 आतंकी, भारतीय जवान होंगे निशाने पर

