नयी दिल्ली। घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर रविवार से 29 रुपये महंगा हो गया है। इस बढ़ोतरी के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज से 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर 942 रुपये का हो गया है। हालांकि वाणिज्यिक इस्तेमाल वाले 19 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि मोदी सरकार अब रसोई गैस के बहाने जनता को लूट रही है और 12 साल में उसने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 530 रुपये की वृद्धि की है।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के बाद से घरेलू रसोई गैस के दाम दूसरी बार बढ़ाये गये हैं। इससे पहले 07 मार्च को इसमें 60 रुपये की बढ़ोतरी की गयी थी। इस दौरान, वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम में भारी-भरकम वृद्धि हो चुकी है। गत 01 जून को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इसकी कीमत 42 रुपये बढ़ाकर 3,113.50 रुपये कर दी गयी थी। पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के बाद से दिल्ली वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम 1,373 रुपये बढ़ चुके हैं। इस साल फरवरी में इसकी कीमत 1,740.50 रुपये थी।
श्री खरगे ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि मोदी सरकार ने पिछले चार महीनों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में 89 रुपये की बढ़ोतरी की है। संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर 41 देशों से ईंधन विविधीकरण (फ्यूल डाइवर्सिफिकेशन) की बात कही थी, लेकिन इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी एलपीजी की किल्लत बनी हुई है।
उन्होंने सवाल किया कि 2025-26 में उज्ज्वला योजना के 5.56 करोड़ परिवारों ने केवल एक बार या एक भी बार रिफिल नहीं कराया। इनमें से 3.30 करोड़ परिवारों ने तो एक भी सिलेंडर रिफिल नहीं लिया। उन्होंने पूछा कि क्या यह स्थिति सरकार की नीतियों और बढ़ती कीमतों का परिणाम नहीं है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा नेता और श्री मोदी पहले महंगाई के मुद्दे पर यूपीए सरकार को घेरते थे, लेकिन अब घरेलू एलपीजी की कीमतों में लगातार वृद्धि के बावजूद भाजपा के नेता चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने सवाल किया कि जो नेता पहले महंगाई के विरोध में सिलेंडर लेकर सड़कों पर बैठते थे, वे अब विरोध क्यों नहीं कर रहे हैं।
श्री खरगे ने कहा कि बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की ऊंची कीमतों का सबसे अधिक असर गरीब तथा मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है और सरकार को इस मुद्दे पर जवाब देना चाहिए।
घरेलू एलपीजी सिलेंडर 29 रुपये महंगा, कांग्रेस ने कहा रसोई गैस के बहाने लूट रही सरकार

