यूपी ब्यूरो, गौर, बस्ती (उ.प्र.)। बाल विकास परियोजना गौर के सौजन्य से पोषण माह के समापन अवसर पर ब्लॉक सभागार में एक विशाल पोषण चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख जटाशंकर शुक्ला और विशिष्ट अतिथि जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार थे। कार्यक्रम का संचालन सीडीपीओ बलराम सिंह ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पोषण कलश के दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ती मीना सिंह ने पोषण गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार ने पोषण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए निर्देश दिए कि अपने सर्वे क्षेत्रों में कुपोषित बच्चों की खोज करें, उनकी स्वास्थ्य जांच कराएं और छह प्रकार की दवाएं उपलब्ध कराएं। रेफर किए गए बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराकर कुपोषण के चक्र से मुक्त कराएं।
खंड विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने सीडीपीओ की सराहना करते हुए कहा कि यहां के कर्मचारी मनोयोग से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि कुपोषित बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाएं ब्लॉक स्तर से मुहैया कराई जाएंगी। ब्लॉक प्रमुख जटाशंकर शुक्ला ने सीडीपीओ और मुख्य सेविका की तारीफ की तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी से गौर ब्लॉक पर विशेष ध्यान देने का निवेदन किया। उन्होंने कुपोषण मुक्त बस्ती बनाने के लिए सभी विभागों के कर्मचारियों से दायित्व निभाने और समस्याओं के समाधान में सहयोग की अपील की। सीडीपीओ बलराम सिंह ने अतिथियों का सम्मान करते हुए आश्वासन दिया कि संसाधनों का संचित उपयोग कर गौर ब्लॉक को नंबर एक पर स्थापित करने का प्रयास जारी रहेगा। चौपाल में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन भी संपन्न हुआ। अतिथियों ने स्टॉल और रंगोली का निरीक्षण किया तथा कुपोषण के खिलाफ जंग पर बनी रंगोली की जमकर प्रशंसा की।
मुख्य सेविका गीता सिंह, कामिनी कुमारी तथा नवचयनित मुख्य सेविकाओं अंकित वर्मा, पूजा मिश्रा, सीलम शुक्ला, निशा पांडे, आशा वर्मा और कमलावती वर्मा ने सक्रिय भागीदारी निभाई। मुख्य अतिथियों ने नई मुख्य सेविकाओं का उत्साह बढ़ाया और कार्यक्रम की सफलता के लिए बलराम सिंह तथा गीता सिंह की सराहना की। रॉकेट लर्निंग संस्था के ज्ञानेंद्र श्रीवास्तव की मेहनत को रेखांकित करते हुए सीडीपीओ ने बताया कि इससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है। संस्था ने 15 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्राम पंचायत और ग्राम विकास विभाग के पदाधिकारी, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कर्मी तथा क्षेत्रीय जनसमुदाय बड़ी संख्या में उपस्थित रहा। सूक्ष्म जलपान के बाद आभार व्यक्त कर समापन हुआ। यह आयोजन कुपोषण उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
गौर ब्लॉक में पोषण माह का भव्य समापन: पोषण चौपाल आयोजित, कुपोषण मुक्त बस्ती बनाने का संकल्प

