कोलंबो:श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने ईस्टर हमलों की जांच कर रही संसदीय समिति को फटकार लगाते हुए कहा है कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों पर शीर्ष अधिकारियों के मीडिया के सामने बयान देने के खिलाफ हैं।
सिरिसेना ने शुक्रवार को कैबिनेट की आपात बैठक बुलाई थी और कहा था कि वह हमलों की जांच कर रही संसदीय चयन समिति (पीएससी) द्वारा खुफिया अधिकारियों को समन भेजने और खुफिया जानकारी का मीडिया के सामना खुलासा किये जाने के खिलाफ हैं।
सिरिसेना ने कहा, मैं संसद में वरिष्ठ खुफिया अधिकारियों से पूछताछ करने के पूरी तरह खिलाफ हूं। इससे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी अतिसंवेदनशील जानकारियों का खुलासा होता है।”
इस मामले में अब तक रक्षा सचिव, खुफिया प्रमुख, पुलिस प्रमुख और पूर्व रक्षा सचिव से पूछताछ की जा चुकी है। सिरिसेना ने कहा कि पूरी दुनिया में कहीं भी इस तरह खुफिया अधिकारियों से मीडिया के सामने खुलेआम पूछताछ नहीं की गई है।
गौरतलब है कि श्रीलंका में 21 अप्रैल को ईस्टर संडे के मौके पर हुए सिलसिलेवार बम धमाकों में 258 लोगों की मौत हो गई थी और 500 से अधिक लोग घायल हो गए थे।

