कार्डिफ:वर्ल्ड कप के 12वें मैच में शनिवार को कार्डिफ में इंग्लैंड ने बांग्लादेश को 106 रन से हरा दिया। बांग्लादेशी टीम के खिलाफ वर्ल्ड कप में यह उसकी दूसरी जीत है। उसे पिछली जीत 2007 में मिली थी। उसके बाद 2011 और 2015 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा था। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट पर 386 रन बनाए। यह वर्ल्ड कप में उसका हाइएस्ट स्कोर है। उसने अपने 8 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। 2011 में इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ 8 विकेट पर 338 रन बनाए थे।
इंग्लैंड के लिए इस मैच में जेसन रॉय ने शतकीय पारी खेली। रॉय ने 121 गेंद की पारी में 153 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 14 चौके और पांच छक्के लगाए। यह टूर्नामेंट उनका पहला शतक है। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम 48.5 ओवर में 10 विकेट पर 280 रन ही बना सकी। उसके लिए ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने 121 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर ने तीन-तीन विकेट लिए।
शाकिब वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले दूसरे बांग्लादेशी क्रिकेटर
शाकिब ने वर्ल्ड कप में अपना पहला और करियर का आठवां शतक लगाया। वे टूर्नामेंट के इतिहास में शतक लगाने वाले बांग्लादेश के दूसरे क्रिकेटर हैं। उनसे पहले महमूदुल्लाह ने 2015 वर्ल्ड कप में दो शतक लगाए थे। इससे पहले सौम्य सरकार दो रन के निजी स्कोर पर जोफ्रा आर्चर की गेंद पर बोल्ड हो गए। तमीम इकबाल ने 19 रन बनाए । मुशफिकुर रहीम 44 रन का योगदान दिया। उन्होंने शाकिब के साथ तीसरे विकेट के लिए 106 रन की साझेदारी की।
वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के टॉप-5 स्कोर
| स्कोर | किसके खिलाफ | जगह | साल |
| 386/6 | बांग्लादेश | कार्डिफ | 2019 |
| 338/8 | भारत | बेंगलुरु | 2011 |
| 334/4 | भारत | लॉर्ड्स | 1975 |
| 334/9 | पाकिस्तान | नॉटिंघम | 2019 |
| 333/9 | श्रीलंका | टांटन | 1983 |
बटलर-मॉर्गन ने 95 रन की साझेदारी की
जोस बटलर 44 गेंद पर 64 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने मॉर्गन के साथ चौथे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी की। बटलर ने अपनी पारी में चार छक्के और दो चौके लगाए। कप्तान इयॉन मॉर्गन 33 गेंद पर 35 रन बनाकर आउट हुए। बेन स्टोक्स (6) को मुस्तफिजुर रहमान ने आउट किया। बांंग्लादेश के लिए मोहम्मद सैफुद्दीन और मेहदी हसन ने दो-दो विकेट लिए। मशरफे मुर्तजा और मुस्तफिजुर को एक-एक सफलता मिली।
बेयरस्टो-जेसन रॉय ने शतकीय साझेदारी की
इससे पहले जॉनी बेयरस्टो 50 गेंद पर 51 रन बनाकर मशरफे मुर्तजा की गेंद पर आउट हुए। बेयरस्टो ने रॉय के साथ पहले विकेट के लिए 128 रन की साझेदारी की। जो रूट 21 रन बनाकर सैफुद्दीन की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने रॉय के साथ 77 रन की साझेदारी की।
मोइन की जगह प्लंकेट इंग्लैंड टीम में
इससे पहले इंग्लैंड ने टीम में एक बदलाव करते हुए मोइन अली की जगह लियम प्लंकेट को टीम में शामिल किया। प्लंकेट ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो विकेट लिए थे। वहीं, बांग्लादेश ने कोई बदलाव नहीं किया।

