डोंबिवली। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशानुसार, तेरापंथ महिला मंडल डोंबिवली द्वारा स्थानीय तेरापंथ भवन में विवेगे धम्म माहिये क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम तेरस के जाप से हुआ। तत्पश्चात सामूहिक नमस्कार महामंत्र से कार्यक्रम की शुभ शुरुआत हुई। कोर टीम की बहनों द्वारा भिक्षु अष्टकम के माध्यम से सुमधुर मंगलाचरण प्रस्तुत किया गया।
तेरापंथ महिला मंडल डोंबिवली की जागरूक एवं कर्मठ अध्यक्षा सुधा जी सियाल ने सभी का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता में सहभागी बहनों का उत्साहवर्धन एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन किया।
इसके पश्चात विवेगे धम्म माहिये क्विज़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता को अत्यंत रोचक, ज्ञानवर्धक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे सभी प्रतिभागियों द्वारा खूब सराहा गया। प्रतियोगिता के आयोजन एवं संपूर्ण तैयारी में शर्मिला जी पूनमिया एवं ममता जी बड़ाला का विशेष योगदान रहा।
क्विज़ प्रतियोगिता के पश्चात मुख्य वक्ता रेखा जी कच्छारा ने अहिंसा विषय पर प्रेरणादायी वक्तव्य दिया। उन्होंने दैनिक जीवन में होने वाली अनावश्यक हिंसा से बचने तथा अपनी जागरूकता एवं विवेक को जागृत रखते हुए अहिंसा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
तेरापंथ महिला मंडल डोंबिवली द्वारा मुख्य वक्ता रेखा जी कच्छारा एवं कार्यक्रम की संयोजक शर्मिला जी पूनमिया का दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया।
इसके पश्चात पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों के शेष पुरस्कारों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन मंत्री मीना धाकड़ ने किया तथा अंत में उपाध्यक्ष सरोज जी सिंघवी ने सभी के प्रति आभार ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में 65 बहनों की गरिमामय उपस्थिति रही। सभी बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। यह आयोजन ज्ञानवर्धन, जागरूकता एवं अहिंसा के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायी प्रयास रहा। यह जानकारी तेरापंथ महिला मंडल सदस्य हेमलता मुनौत द्वारा दी गई।
डोंबिवली में विवेगे धम्म माहिये क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन

