लंदन:वर्ल्ड कप के पांचवें मुकाबले में रविवार को बांग्लादेश ने उलटफेर करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 21 रन से हरा दिया। बांग्लादेश से मिले 331 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम 50 ओवर में 8 विकेट पर 309 रन ही बना सकी। उसके खिलाफ बांग्लादेश की यह वर्ल्ड कप इतिहास में दूसरी जीत है। पिछली जीत 2007 में मिली थी। तब उसने 67 रन से जीत हासिल की थी। आईसीसी रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका तीसरे स्थान पर है। वहीं, बांग्लादेश उससे चार पायदान नीचे सातवें स्थान पर है।
बांग्लादेश इस बार टूर्नामेंट में जीत हासिल करने वाली पहली एशियाई टीम है। इससे पहले पाकिस्तान, श्रीलंका और अफगानिस्तान को हार का सामना करना पड़ा था। बांगलादेश ने तीसरी बार अपना पहला मैच जीता। इससे पहले उसने 2007 में भारत और 2015 में अफगानिस्तान को हराया था।
शाकिब-रहीम का अर्धशतक, मुस्तफिजुर ने तीन विकेट लिए
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बांग्लादेश ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 330 रन बनाए। उसके लिए मुशफिकुर रहीम ने 78 और शाकिब अल हसन ने 75 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने 66 रन की पारी खेली। जेपी डुमिनी और एडेन मार्कराम ने 45-45 रन का योगदान दिया। बांग्लादेश के लिए मुस्तफिजुर रहमान ने तीन विकेट लिए। शाकिब ने एक विकेट लिया। उन्हें मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला।
डुप्लेसिस-मार्कराम ने अर्धशतकीय साझेदारी की
इससे पहले दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत खराब रही। क्विंटन डीकॉक 23 रन के निजी स्कोर पर रनआउट हुए। इसके बाद एडेन मार्कराम शाकिब अल हसन की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने डुप्लेसिस के साथ 51 रन की साझेदारी की। डेविड मिलर 43 गेंद पर 38 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मुस्तफिजुर ने आउट किया। मिलर ने डुसेन के साथ चौथे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की। डुसन 41, फेहलुकवायो 8 और मॉरिस 10 रन बनाकर आउट हुए।
बांग्लादेश ने वनडे में अपना हाइएस्ट स्कोर बनाया
बांग्लादेश ने वनडे में अपना हाइएस्ट स्कोर बनाया। उसका पिछला हाइएस्ट स्कोर 6 विकेट पर 329 रन था। यह पाकिस्तान के खिलाफ 2015 में बनाया था। बांग्लादेश इस वर्ल्ड कप में 300+ रन बनाने वाली पहली एशियाई टीम है। उसके अलावा सिर्फ इंग्लैंड की टीम ही 300+ रन बनाए हैं। उसने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ही पहले मैच में 311 रन बनाए थे।

