नई दिल्ली: ग्लोबल टी20 लीग (GT20 league) के पहले सीजन ने दमदार सफलता हासिल की थी। अब इसका दूसरा सीजन 25 जुलाई से शुरू हो रहा है जो 11 अगस्त तक खेला जाएगा। GT20 league के ब्रांड एंबेसडर वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा हैं। ब्रायन लारा ने टी20 लीग्स को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआइ से एक अपील की है। इस कैरेबियाई दिग्गज का कहना है कि इन टी20 लीग्स में तब और मजा आएगा जब भारतीय प्लेयर्स इनका हिस्सा हों।
कनाडा में 25 जुलाई से 11 अगस्त के बीच खेली जाने वाली ग्लोबल टी20 लीग में 3 प्लेऑफ, एक फाइनल को मिलाकर कुल 22 मैच होने हैं। लेकिन, बीसीसीआइ अपने कॉन्ट्रैक्ट के खिलाड़ियों को आइपीएल(BCCI की अपनी टी20 लीग) के अलावा किसी भी टी20 लीग में खेलने की इजाजत नहीं देती। इसी बात को लेकर ब्रायन लारा ने कहा है बीसीसीआइ को जेंटलमैन्स गेम के लिए खिलाड़ियों को अनुमति देनी चाहिए।
ब्रायन लारा ने कहा है कि हर देश का खिलाड़ी अपनी पॉलिसी से बंधा रहता है। लेकिन, GT20 लीग जैसे लीग में खेलकर खिलाड़ियों का टैलेंट बढ़ेगा ही साथ ही साथ नए प्लेयर्स के लिए भी अच्छा होगा। ब्रायन लारा ने कहा, “मैं बीसीसीआइ और उसके खिलाड़ियों की आलोचना नहीं कर रहा, लेकिन दुनिया देखना चाहती है कि भारत के बड़े खिलाड़ी इस लीग में भी खेलें। मैं ही नहीं हर कोई जानता है कि इंडियन प्लेयर सबसे ज्यादा अटरेक्टिव प्लेयर हैं।
टेस्ट क्रिकेट में 400 रन की पारी खेलने वाले ब्रायन लारा ने कहा है, “यह बड़ी बात होगी कि अलग-अलग देशों के खिलाड़ी एक जगह खेल पाएं। इससे लीग्स को खिलाड़ियों को फायदा होगा। यह खेल में मदद करेगा। साथ ही साथ मेरा खुद का काम स्कूलों में जाकर नए खिलाड़ियों को तराशने पर होगा, जो इस खेल में आगे जा सकें।” लारा मानते हैं कि उन्हें टेस्ट क्रिकेट पसंद है लेकिन फैंस टी20 क्रिकेट को पसंद करते हैं।

