नई दिल्ली:पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावसकर का मानना है कि आगामी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का बहिष्कार करके भारत को ही नुकसान होगा। उन्होंने साथ ही कहा कि द्विपक्षीय श्रृंखलाओं में खेलने से इनकार की नीति जारी रखते हुए भारत अपने चिर प्रतिद्वंद्वी की परेशानी बढ़ा सकता है।
पिछले हफ्ते पुलवामा में आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 से अधिक जवानों की मौत के बाद पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह की अगुआई में पाकिस्तान के पूर्ण क्रिकेट बहिष्कार की मांग जोर पकड़ रही है। भारत को पाकिस्तान के खिलाफ 16 जून को वर्ल्ड कप का राउंड रोबिन मैच खेलना है।
गावसकर ने कहा, ‘भारत अगर वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलने का फैसला करता है तो कौन जीतेगा? और मैं सेमीफाइनल और फाइनल की बात ही नहीं कर रहा। कौन जीतेगा? पाकिस्तान जीतेगा क्योंकि उसे दो अंक मिलेंगे।’
उन्होंने कहा, ‘भारत ने अब तक वर्ल्ड कप में हर बार पाकिस्तान को हराया है इसलिए हम असल में दो अंक गंवा रहे हैं जबकि पाकिस्तान को हराकर हम सुनिश्चित कर सकते हैं कि वे प्रतियोगिता में आगे नहीं बढ़ें।’
इस पूर्व कप्तान ने कहा, ‘(लेकिन) मैं देश के साथ हूं, सरकार जो भी फैसला करेगी, मैं पूरी तरह से इसके साथ हूं। अगर देश चाहता है कि हमें पाकिस्तान से नहीं खेलना चाहिए तो मैं उनके साथ हूं।’
देश चाहता है कि हमें पाकिस्तान से नहीं खेलना चाहिए तो मैं उनके साथ हूं : सुनील गावसकर

