भायंदर। शासन श्री साध्वी श्री विद्यावतीजी द्वितीय ठाणा 5 के सान्निध्य में पालघर से समागत दीक्षार्थिनी बहिन भावना बाफना का मंगल भावना समारोह आयोजित किया गया। तेरापंथ महिला मंडल के मंगलाचरण से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। पालघर महिला मंडल की अध्यक्ष रंजना जैन ने शुभकामना संप्रेषित की। भायंदर तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती संगीता बोथरा ने स्वागत वक्तव्य दिया तथा दुपट्टा एंव माला से भावना का सम्मान किया। विजयसिंहजी बोकडिया एंव मनोज कच्छारा ने भी वक्तव्य दिया। साध्वी प्रियंवदाजी ने उद्बोधन में कहा-जैन भागवती दीक्षा ग्रहण करना जीवन की एक विशिष्ट उपलब्धि है। दीक्षा जीवन के रुपांतरण की प्रकिया है। सिंहवृत्ति से संयम ग्रहण करके सिंहवृत्ति से पालन करने वाला मुमुक्षु मोक्ष रुपी लक्ष्मी का चरण कर लेता है।
साध्वी श्री प्रेरणाश्रीजी, साध्वी श्री मृदुयशाजी एंव साध्वी ऋध्दियशाजी ने सुमधुर गीत का संगान किया। दीक्षार्थिनी भावना बाफना ने विचार व्यक्त करते हुए कहा-मैं अत्यंत सौभाग्यशाली हूँ कि मेरी दीक्षा श्रद्धेय आचार्य श्री महाश्रमणजी के मुख कमल से अगले महीने होने जा रही है। मैं संयमी जीवन में हर क्षण विकास के मार्ग पर अग्रसर होती रहूँ मुझे ऐसा शुभाशीर्वाद प्रदान करवायें। इस अवसर पर राजेन्द्रजी कोठारी, पारसमलजी कच्छारा तथा महिला मंडल की काफी बहिनें उपास्थित थी। कार्यक्रम का संचालन तेरापंथ महिला मंडल की मंत्री निशु डागा ने किया। दीक्षार्थिनी बहिन ने साध्वीवृन्द के प्रति हार्दिक कृतज्ञता ज्ञापित की।
दीक्षार्थिनी का भाय़ंदर में मंगल भावना समारोह

