भारत की आने वाली सबसे बड़ी हॉरर-फैंटेसी फिल्म ‘द राजा साब’ की टीम ने सोशल मीडिया पर फैंस के लिए एक खास तोहफा शेयर किया है। उन्होंने दो साल पहले सेट के शुरुआती दिनों का एक थ्रोबैक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें डायरेक्टर मारुति एक शॉट के बाद संजय दत्त को गले लगाते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में कैद ये सच्चा और प्यारा सा पल शूटिंग के दौरान बनी गहरी बॉन्डिंग को खूबसूरती से दिखाता है। खास बात ये है कि संजय दत्त इसी लुक में नजर आ रहे हैं, जैसा कि फिल्म के ट्रेलर में दिखाया गया था, जो उनकी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस की याद तुरंत ताजा कर देता है। पोस्ट के कैप्शन में लिखा था, “यहीं से शुरू हुई थी हमारी जर्नी, दो साल पहले ” और इसने फैंस के दिलों को छू लिया।
फिल्म पहले से ही जबरदस्त चर्चा में बनी हुई है, खासकर जब से ‘रेबल साब’ गाने का टीजर रिलीज हुआ है। इसने प्रभास के बिल्कुल नए और शानदार अवतार की झलक दिखाई, जिसे देखकर फैंस और भी ज्यादा एक्साइटेड हो गए। लंबे समय बाद उन्हें डांस करते देख दर्शकों की खुशी और बढ़ गई है, जिससे उनकी फ्रेश ऑन-स्क्रीन पर्सनालिटी को लेकर क्रेज चरम पर पहुंच गया है।
मारुति के निर्देशन और लेखन में बन रही ‘द राजा साब’ को पीपल मीडिया फैक्ट्री और आईवी एंटरटेनमेंट प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में प्रभास, मालविका मोहनन, निधि अग्रवाल, रिद्धि कुमार, संजय दत्त और बोमन ईरानी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ये बहुप्रतीक्षित हॉरर-फैंटेसी एंटरटेनर हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज होगी और 9 जनवरी 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में धमाल मचाने के लिए तैयार है।

