मुंबई। पत्रकार विकास संघ (पीवीएस) अपनी 17 वर्षों की निरंतर, सृजनशील और सार्थक पत्रकारिता यात्रा पूर्ण कर 18वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी पीवीएस एक्सीलेंस अवॉर्ड 2025 की घोषणा की गई है। इस वर्ष नवभारत टाइम्स के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अखिलेश तिवारी को बेस्ट क्राइम रिपोर्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. तिवारी को यह पुरस्कार एजे इंटरप्राइजेज पोंजी घोटाले का पर्दाफाश करने के लिए दिया जा रहा है। अधिक रिटर्न का लालच देकर सैकड़ों लोगों की गाढ़ी कमाई हड़पने वाले इस घोटाले को डॉ. तिवारी की खोजी रिपोर्टिंग ने उजागर किया। उनकी स्टोरी के बाद क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 18 पुलिसकर्मियों की टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त की गई। डॉ. अखिलेश तिवारी का जन्म मुंबई के घाटकोपर इलाके में हुआ। स्नातक तक की शिक्षा भी घाटकोपर में ही पूरी की। इसके बाद उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय से एम.ए. और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। वे पिछले 24 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं और अपनी सजगता, मेहनत और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के लिए पहचाने जाते हैं।
अपने करियर की शुरुआत BAG से करते हुए डॉ. तिवारी ने कबूतरबाजी, धोखाधड़ी, आत्महत्या मामलों की गहन पड़ताल और मान्यता दत्त से जुड़े एबॉर्शन प्रकरण जैसी कई अहम खबरें उजागर कीं। स्टार न्यूज में रहते हुए उन्होंने मुन्ना बजरंगी की मुंबई में गिरफ्तारी की बड़ी खबर ब्रेक की, डीके का पहला टीवी इंटरव्यू लिया और मुस्तफा डोसा का जेल की गाड़ी से जाते हुए प्रियदर्शिनी सिग्नल पर इंटरव्यू लेकर सुर्खियाँ बटोरीं। सहारा समय में प्रीति जिंटा और नेस वाडिया विवाद पर रवि पुजारी का टेलीफोनिक इंटरव्यू कर उन्होंने बेबाक पत्रकारिता का परिचय दिया। दैनिक नवभारत में बार बालाओं को पीएफ देने वाले बार मालिक की एक्सक्लूसिव स्टोरी और मुंबई मिरर में दादर में रेलवे अप्रेंटिस द्वारा पटरियाँ जाम कर ट्रेन रोकने की घटना को प्रमुखता से रिपोर्ट किया।
TV9 भारतवर्ष के बाद नवभारत टाइम्स में उनकी हालिया खोजी रिपोर्टिंग केईएम अस्पताल के एक प्रोफेसर पर पाँच इंटर्न डॉक्टरों द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोप और एजे इंटरप्राइजेज द्वारा पोंजी स्कीम चलाकर सैकड़ों लोगों को ठगने का खुलासा काफी चर्चा में रही। शैक्षणिक रूप से डॉ. तिवारी ने बी.कॉम, एम.ए. और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है और वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। उनका अनुभव, निडर फील्डवर्क और तथ्याधारित पत्रकारिता उन्हें हिंदी मीडिया के भरोसेमंद और प्रभावशाली पत्रकारों में शामिल करता है। यह पुरस्कार शनिवार, 27 दिसंबर को मालाड पश्चिम लिंक रोड स्थित कांचपाड़ा के साईं पैलेस होटल में सुबह 11 बजे आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा।
डॉ. अखिलेश तिवारी को PVS का बेस्ट क्राइम रिपोर्टर अवॉर्ड

