यूएफा यूरोपा लीग के फाइनल में इंग्लैंड के क्लब चेल्सी ने अपने ही देश के क्लब आर्सेनल को 4-1 से हरा दिया। उसने 6 साल बाद खिताब अपने नाम किया। पिछली बार 2013 में उसने पुर्तगाल के क्लब बेनफिसा को हराया था। चेल्सी के लिए ईडेन हजार्ड ने दो गोल किए। ओलिवर जिरू और पेड्रो ने एक-एक गोल किया। आर्सेनल के लिए एकमात्र गोल इवोबी ने 69वें मिनट में किया। पेड्रो यूरोपा लीग और चैम्पियंस लीग के फाइनल में गोल करने वाले इकलौते फुटबॉलर हैं। उन्होंने 2011 में बार्सिलोना के लिए खेलते हुए मैनचेस्टर यूनाइटेड के खिलाफ चैम्पियंस लीग के फाइनल में गोल किया था।
चेल्सी इस सीजन में एक भी मैच नहीं हारी
चेल्सी इस सीजन में एक भी मैच नहीं हारी। उसने 15 में से 12 मैच जीते। 3 मुकाबले ड्रॉ़ रहे। 11 साल बाद कोई टीम यूरोपियन टूर्नामेंट के सीजन में एक भी मैच नहीं हारी। पिछली बार 2007-08 में इंग्लैंड के ही क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड ने चैम्पियंस लीग का खिताब एक मैच गंवाए बिना अपने नाम किया था।
जिरू के टूर्नामेंट में 11 गोल
अजरबैजान के बाकू में ओलिंपिक स्टेडियम पर खेले गए इस मैच में जिरू ने 49वें मिनट में हेडर से गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया। जिरू के सीजन में 11 गोल हो गए। 14 साल बाद किसी फुटबॉलर ने यूरोपा लीग में इतने गोल किए। पिछली बार 2005 में न्यूकैसल के लिए खेलते हुए एलन शीएरेर ने 11 गोल किए थे।
हाफटाइम तक दोनों टीमों ने गोल नहीं किया था
हाफटाइम तक दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर थीं। आर्सेनल के पिएरे एमिरक अबुमयांग 9वें मिनट में गोल करने से चूक गए। उन्होंने पेनल्टी एरिया के बाहर से शॉट मारा, लेकिन गेंद गोलपोस्ट के बगल से निकल गया। 39वें मिनट में चेल्सी के ओलिवर जिरू गोल करने से चूक गए। उनके शॉट को आर्सेनल के गोलकीपर पीटर चेक ने रोक लिया।
आर्सेनल के पीटर चेक 2013 में चेल्सी के लिए फाइनल खेल चुके हैं
आर्सेनल के गोलकीपर पीटर चेक दूसरी बार फाइनल खेले। इससे पहले वे चेल्सी के लिए 2013 में खेले थे। वे पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जो इंग्लैंड के किसी क्लब की ओर से खेले और फिर उसी क्लब के खिलाफ फाइनल खेला हो।
चेल्सी 6 साल बाद चैम्पियन, फाइनल में आर्सेनल को 4-1 से हराया

