राजकुमार गौतम, दुबौला, बस्ती (उ.प्र.)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एकटेकवा चौराहे पर मंगलवार देर रात एक गारमेंट की दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की इस घटना में दुकान के साथ-साथ मकान की दीवारें फट गईं और छत को भी भारी नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सारा सामान नष्ट हो चुका था।
जानकारी के अनुसार, जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गनेशपुर मंझरिया निवासी घनश्याम पिछले तीन वर्षों से एकटेकवा चौराहे पर संजय निषाद के किराए के मकान में गारमेंट की दुकान संचालित कर रहे थे। मंगलवार रात को वह रोज की तरह दुकान बंद करके घर चले गए। घनश्याम की दुकान के सामने ही अनिल गुप्ता की दुकान है उन्होंने बताया कि किसी चीज के दगने की आवाज से वह अपनी दुकान से निकल कर बाहर आए तो देखा कि आग की लपटे दुकान से बाहर आ रही है इसके बाद उन्होंने तत्काल हरदी फीडर पर फोन किया ताकि लाइट की सप्लाई काटी जा सके इसके बाद उन्होंने दुकान के मालिक घनश्याम को फोन करके इसकी सूचना दी।
स्थानीय लोगों ने बताया की शुरुआत में आसपास के लोगों को इसका पता नहीं चला, लेकिन जब आग की लपटें दिखाई दीं और भीतर से आवाजें आने लगीं, तब स्थानीय लोग सक्रिय हुए। तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। रात करीब ढाई बजे फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। लेकिन तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। दुकानदार घनश्याम ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए उन्होंने हाल ही में नया स्टॉक मंगवाया था। इस हादसे में करीब आठ लाख रुपये कीमत के कपड़े और फर्नीचर का नुकसान हुआ है। इसके अलावा, मकान की दीवारें फट गईं और छत को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है। घनश्याम ने बताया कि इस हादसे से उनकी सालों की मेहनत और पूंजी एक झटके में खत्म हो गई। त्योहारी सीजन में हुए इस नुकसान ने उन्हें आर्थिक और मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया है। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित दुकानदार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की जरूरत पर बल दिया गया। दुबौला चौकी इंचार्ज राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
बस्तीः एकटेकवा में गारमेंट की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

