यूपी ब्यूरो, बस्ती (उ.प्र.) उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के थाना कलवारी क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ग्राम दुबौली निवासी गोमती प्रसाद कन्नौजिया, जो एक स्कूल में चपरासी हैं, 3 अक्टूबर 2025 की रात ड्यूटी के दौरान रहस्यमय तरीके से गायब हो गए। उनकी पत्नी मुन्नी देवी ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है और 24 घंटे के भीतर पति की बरामदगी न होने पर सपरिवार आमरण अनशन की चेतावनी दी है।
मुन्नी देवी ने पत्र में बताया कि उनके पति गोमती प्रसाद को 3 अक्टूबर की रात संदिग्ध परिस्थितियों में अगवा कर लिया गया। उनका शक स्कूल प्रबंधक कृष्ण प्रसाद मिश्र और उनके पुत्रों पर है, जिनके साथ गोमती प्रसाद का पहले विवाद हो चुका था। मुन्नी ने आरोप लगाया कि अपहरण में प्रबंधक और उनके परिजनों का हाथ है। मुन्नी ने 4 अक्टूबर को थाना कलवारी में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन थानाध्यक्ष ने उनका मूल प्रार्थना पत्र स्वीकार नहीं किया। बाद में उसी दिन शाम 4:45 बजे पुलिस ने खुद एक प्रार्थना पत्र लिखवाया और मामला दर्ज करने का आश्वासन देकर उन्हें घर भेज दिया। हालांकि, 5 अक्टूबर तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
6 अक्टूबर को मुन्नी ने सीओ कार्यालय में शिकायत दी, लेकिन सीओ से मुलाकात नहीं हुई। फिर डीआईजी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज की, लेकिन वहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई। 8 अक्टूबर को दोबारा थाना कलवारी पहुंची मुन्नी को थानाध्यक्ष ने कथित तौर पर डांटकर भगा दिया। मुन्नी ने पत्र में लिखा, “मेरे पति को अगवा हुए 5 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस ने कोई खोजबीन नहीं की। अगर मेरे पति को कुछ हुआ या उनकी हत्या हुई, तो स्कूल प्रबंधन के साथ-साथ थाना कलवारी भी जिम्मेदार होगा।” उन्होंने जिलाधिकारी से गुहार लगाई है कि उनके पति को जल्द से जल्द बरामद कराया जाए। पत्र में चेतावनी दी गई है, “यदि 24 घंटे में मेरे पति नहीं मिले, तो मैं सपरिवार आमरण अनशन पर बैठूंगी। जब तक मेरे पति नहीं मिलते, हम धरने पर रहेंगे, भले ही हमारे प्राण चले जाएं।”
बस्ती में स्कूल चपरासी रहस्यमयी तरीके से गायब: पत्नी का पुलिस पर लापरवाही का आरोप, 24 घंटे में बरामदगी न हुई तो अनशन की दी चेतावनी

