महेश प्रताप/बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के ग्राम खुटहन में 11 हजार वोल्ट की हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब हाई वोल्टेज लाइन का तार नीचे होने के कारण एक सीढ़ी उससे छू गई। महीनों से ग्रामीण इस जर्जर तार को ठीक करने की मांग कर रहे थे और किसी बड़े अनहोनी की आशंका जता रहे थे, लेकिन विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते यह दुखद घटना घटित हो गई।
हादसे के बाद परिजनों ने आनन-फानन में घायल भाइयों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी बार-बार शिकायतों के बावजूद विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
बस्ती में हाई वोल्टेज करंट से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

