लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती आज अपना 70वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं ने उन्हें बधाई दी है, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, बिहार विधान सभा के नेता विपक्ष एवं राजद नेता तेजस्वी सहित अन्य प्रमुख हस्तियां शामिल हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्री राम से आपके लिए दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना है।” योगी ने फोन पर भी मायावती को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी एक्स पर बधाई देते हुए कहा, “आदरणीय सुश्री मायावती जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। उनको स्वस्थ, स्वतंत्र जीवन और सार्थक सक्रियता के लिए अनंत शुभकामनाएं।” उन्होंने आगे लिखा कि मायावती ने अपने पूरे जीवन में शोषित, वंचित और उपेक्षित समाज की गरिमा व अधिकारों के लिए संघर्ष किया है और संविधान विरोधी ताकतों को चुनौती दी है। अखिलेश ने कामना की कि यह संघर्ष जारी रहे।
तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा “उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय सुश्री मायावती जी को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं…!! ” साथ ही तेजस्वी ने राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का वह वीडियो पोस्ट किया जिसमें लालू यादव ने मायावती के लोकसभा से इस्तीफा देने के बाद अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा था कि मायावतीजी देश की बड़ी नेता हैं और उनका इस्तीफा बहुत बड़ी बात है।
बसपा द्वारा मायावती के जन्मदिन को जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। लखनऊ में मायावती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जहां उन्होंने विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर बयान दिए। उन्होंने कहा कि वे झुकने या डरने वाली नहीं हैं और बसपा वापस सत्ता में आएगी। मायावती ने ब्राह्मण समाज को संबोधित करते हुए कहा कि ब्राह्मणों को किसी का चोखा-बाटी नहीं खाना चाहिए, बसपा उन्हें पूरा सम्मान देगी। उन्होंने भाजपा, सपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित अन्य भाजपा और विपक्षी नेताओं ने भी शुभकामनाएं दीं। मायावती के जन्मदिन पर बसपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है, और पार्टी ने इसे सामाजिक न्याय व जनकल्याण के संदेश के साथ जोड़ा है।मायावती के समर्थक उन्हें “बहन जी” या “आयरन लेडी” कहकर संबोधित करते हैं और उनके योगदान को याद करते हुए लंबी उम्र की कामना कर रहे हैं।
बसपा सुप्रीमो मायावती का 70वां जन्मदिन का आज, सीएम योगी , अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने दी बधाई

