अमित मिश्रा/मुंबई। डॉ. पी. जे. मेहता मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट और डॉन बॉस्को पास्ट प्यूपिल्स एसोसिएशन ने डॉन बॉस्को स्कूल, बोरीवली के छात्रों के लिए एक मेडिकल जांच शिविर और सीपीआर प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया। बोरीवली के वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ और डॉ. पी. जे. मेहता मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ. निमेष पी मेहता ने मीडिया को बताया कि हम 16 डॉक्टरों की टीम ने कुल 1,250 छात्रों की सामान्य बीमारियों के साथ-साथ उनके शारीरिक विकास की भी जांच की।
डॉ. निमेश पी. मेहता ने आगे कहा कि हमारे ट्रस्ट ने ‘स्वस्थ्य बच्चों की देखभाल, स्वस्थ्य भारत का निर्माण’ के उद्देश्य से कार्य शुरू किया है। इसी के अंतर्गत यह मुफ्त शिविर लगाया गया है , जो आगे भी अन्यत्र स्थानों पर लगाया जाता रहेगा।
शिविर समन्वयक डॉ. गणेश शेनॉय ने कहा कि “हम बच्चों में कान-नाक-गला (ईएनटी) की समस्याओं, छाती के संक्रमण, त्वचा के संक्रमण और दांतों की समस्याओं की जांच की है। इसके अलावा, हम यह भी जांचते हैं कि उनका वजन ज्यादा है या कम और क्या उनका विकास सामान्य मानकों के अनुसार हो रहा है।”
सीपीआर प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान, बच्चों को बुनियादी जीवन-रक्षक प्रक्रियाएं सिखाई गईं, जैसे कि जब किसी व्यक्ति की सांस या दिल की धड़कन रुक जाए तो क्या करना चाहिए।
लगातार मेडिकल रेस्क्यू प्रशिक्षण के लिए एलएलएसपीआई की डॉ. अल्पा मेहता ने कहा, “मेडिकल इमरजेंसी अचानक आती है। जब आस-पास चिकित्सा सहायता उपलब्ध नहीं होती है, तो फर्स्ट एड और सीपीआर का ज्ञान जीवन बचा सकता है। हम भविष्य के नागरिकों को इस बात का बुनियादी ज्ञान दे रहे हैं कि चिकित्सा विशेषज्ञों के आने तक मरीज की सांस और दिल की धड़कन को कैसे चालू रखा जाए। इससे मरीज के बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है,”
बोरीवली में मेडिकल कैंप और सीपीआर प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन

