गौर, बस्ती। विकास खंड गौर मुख्यालय पर मंगलवार को खण्ड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी तथा पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन बस्ती की जिला कार्यकारिणी की गरिमामयी उपस्थिति में पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन ब्लॉक गौर की नई कार्यकारिणी का गठन संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान सर्वसम्मति से विभिन्न पदाधिकारियों का चयन किया गया। चुनाव में धर्मेंद्र कुमार को ब्लॉक अध्यक्ष तथा उमा वर्मा को ब्लॉक उपाध्यक्ष चुना गया। वहीं शील प्रभाकर को ब्लॉक कोषाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। कोषाध्यक्ष पद पर चयनित होने पर उपस्थित सदस्यों ने विश्वास जताया कि वे संगठन की वित्तीय व्यवस्था को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसके अतिरिक्त मो. हनीफ को सचिव, मनीषा वर्मा को उप सचिव, सोनी को सलाहकार, राम दयाल को वरिष्ठ सलाहकार, रेखा सिंह को ब्लॉक संरक्षक, अवनीश पाण्डेय को तकनीकी सहायक तथा अजय विश्वकर्मा को मीडिया प्रभारी चुना गया।कार्यक्रम में जिला कार्यकारिणी की ओर से मण्डल प्रभारी श्यामलाल, जिला प्रभारी ऋषभ भार्गव एवं जिला सचिव शिवा गौतम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक ढंग से चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने, पंचायत सहायकों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने तथा कर्मचारियों के हितों की रक्षा हेतु एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं जिला पदाधिकारियों ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
