पटना। बिहार के मुख्यमंत्री एवं जेडीयू के नेता नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया। विधानसभा के सेंट्रल हॉल में हुई एनडीए विधायक दल की बैठक में सभी विधायकों ने पूर्ण विश्वास और एकमत सहमति के साथ नीतीश कुमार के नाम का अनुमोदन किया।
इससे पहले नीतीश कुमार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) विधायक दल का नेता चुन लिया गया। श्री कुमार को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास 01,अणे मार्ग पर आयोजित जदयू के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। सूत्रों के अनुसार इस अवसर पर श्री कुमार ने चुनाव के दौरान जदयू की सफलता जे जुड़े अपने संस्मरण साझा किए और प्रदेश की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।
दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल की बैठक में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल का नेता तथा विजय कुमार सिन्हा को उपनेता चुन लिया गया है। श्री चौधरी को आज आयोजित भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। वरिष्ठ भाजपा नेता और उपनुख्यमंत्री विजय सिन्हा सदन में पार्टी के उप नेता होंगे।
भाजपा विधायक दल की आयोजित आज की बैठक के बाद केंद्रीय पर्यवेक्षक और उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमनंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस आशय की घोषणा की। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं का चुनाव सर्वसम्मति से किया गया। इस चुनाव के बाद दोनों नेताओं ने उपस्थित विधायकों को धन्यवाद दिया तथा शीर्ष नेतृत्व में अपना विश्वास व्यक्त किया। 20 नवंबर को मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह गांधी मैदान में आयोजित किया जाएगा।
बिहारः नीतीश एनडीए विधायक दल के नेता चुना गया, 20 नवंबर को गांधी मैदान में लेंगे शपथ

