मुंबई। महाराष्ट्र की युवा पीढ़ी को बर्बाद करने वाला ड्रग्स का जहर अब केवल मुंबई-पुणे जैसे बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह तहसील स्तर तक फैल चुका है। गुजरात के कांडला बंदरगाह से महाराष्ट्र तक के ड्रग्स कॉरिडोर के माध्यम से यह जहर राज्य में पहुंच रहा है। राजनीतिक संरक्षण के कारण ही ‘उड़ता पंजाब’ की तरह ‘डूबता महाराष्ट्र’ बनाने का पाप महायुती ने किया है। महाराष्ट्र की युवाशक्ति को बर्बाद करने वाली इस महायुती सरकार को जनता कभी माफ नहीं करेगी, ऐसा चेतावनी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने दी है।
तिलक भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने भाजपा महायुती सरकार पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि तुलजापुर की मां तुलजाभवानी हमारी आस्था का केंद्र है। इस पवित्र तीर्थस्थल की एक समृद्ध आध्यात्मिक और ऐतिहासिक परंपरा है, लेकिन उसी शहर का नगराध्यक्ष ड्रग्स रैकेट का आरोपी है और भाजपा उसे टिकट देकर नगराध्यक्ष बनाती है—इससे क्या संदेश जाता है? दूसरी ओर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के रिश्तेदार के खेत में ड्रग्स का कारखाना चल रहा था, और सांसद श्रीकांत शिंदे के हस्तक्षेप से पकड़े गए आरोपियों को छोड़ दिया गया तथा मामले को दबा दिया गया। यदि इतने गंभीर ड्रग्स मामलों को इस तरह राजनीतिक संरक्षण मिलेगा, तो यह युवाओं को नशे की ओर धकेलने में मदद करेगा। वास्तव में ड्रग्स मामलों में कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता है।
मुंबई के नेस्को परिसर में, पुलिस स्टेशन के सामने ही ड्रग्स और शराब की पार्टियां होना क्या दर्शाता है? यह पुलिस प्रशासन, गृह मंत्री तथा मुख्यमंत्री के रूप में देवेंद्र फडणवीस की विफलता है। फडणवीस के कार्यकाल में राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। जहां एक ओर ड्रग्स का अवैध कारोबार खुलेआम चल रहा है, वहीं अशोक खरात मामला, नासिक की आईटी कंपनी में महिला कर्मचारियों का यौन शोषण, और अमरावती में सैकड़ों लड़कियों के साथ यौन अत्याचार के मामले सामने आए हैं। नासिक के मामले में जबरन धर्मांतरण का मुद्दा उठाया जा रहा है। इस मामले में एफआईआर को सार्वजनिक करने की आवश्यकता है और सभी मामलों में कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। राज्य में पूर्णकालिक गृह मंत्री न होने के कारण स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। देवेंद्र फडणवीस को गृह मंत्री पद से इस्तीफा देकर राज्य को एक पूर्णकालिक और सक्षम गृह मंत्री देना चाहिए, ऐसी मांग भी हर्षवर्धन सपकाल ने की है।
भाजपा महायुती सरकार ने किया ‘डूबता महाराष्ट्र’ बनाने का पाप, जनता माफ नहीं करेगी: हर्षवर्धन सपकाल
Highlights
- ड्रग्स का काला कारोबार, खरात मामला, नासिक और अमरावती में महिलाओं के यौन शोषण की घटनाएं गृह विभाग की विफलता
- फडणवीस को गृह मंत्री पद छोडकर पूर्णकालिक गृह मंत्री नियुक्त करना चाहिए

