नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान पश्चिम बंगाल में हो रही हिंसा पर चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने आज बड़ी कार्यवाही करते हुए राज्य के गृह सचिव और प्रधान सचिव की छुट्टी कर दी।
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के कई अधिकारियों पर कार्यवाही की है। एडीजी सीआईडी राजीव कुमार को हटाकर गृह मंत्रालय भेजा गया। प्रधान सचिव, स्वास्थ्य सचिव को भी उनके पद से हटाया गया। मुख्य सचिव को दी गई गृह विभाग की जिम्मेदारी।
इसके साथ ही पश्चिम बंगाल में आखिरी चरण के प्रचार का समय भी चुनाव आयोग ने घटा दिया है। कल शाम 10 बजे से प्रचार पर बैन लगा दिया गया है। राज्य में हो रही हिंसा के मद्देनजर चुनाव आयोग ने आर्टिकल 324 का इस्तेमाल किया है।
अंतिम चरण में बंगाल में 9 लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव होगा। इसमें दमदम, बारासात, बशीरहाट, जयनगर, मथुरपुर, जादवपुर, डायमंड हर्बर, दक्षिण और उत्तर कोलकाता शामिल है।
गौरतलब है कि कोलकाता में मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो में बवाल के बाद से पश्चिम बंगाल से लेकर दिल्ली तक सियासी पारा चढ़ा हुआ है। इस हंगामे की वजह से आखिरी चरण की वोटिंग से पहले टीएमसी और भाजपा का टकराव गंभीर मोड़ पर पहुंच चुका है। ममता बनर्जी ने जहां हिंसा के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है, वहीं भाजपा ने चुनाव आयोग से ममता के चुनाव प्रचार पर बैन की मांग की है।

