टोक्यो:टोक्यो ओलिंपिक 2020: अंतरराष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (आइटीए) ने अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति (आइओसी) को कहा है कि टोक्यो ओलिंपिक के समय प्रतियोगिता के दौरान और इसके इतर डोप परीक्षण के लिए करीब 5000 नमूने लिए जाएंगे। आइटीए ने कहा कि वह पहले ही खेल से पूर्व अब तक का सबसे विस्तृत डोपिंग रोधी कार्यक्रम लागू कर चुका है।
आइटीए ने आइओसी के 138वें सत्र के दौरान यह जानकारी दी। खेलों का उद्घाटन समारोह 23 जुलाई को होगा। आइओसी ने डोपिंग रोधी कार्यक्रम पर विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) और आइटीए दोनों से नवीनतम अपडेट की जानकारी ली। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय खेल पंचाट (आइसीएएस) की रिपोर्ट भी चर्चा के लिए पेश की गई।
टोक्यो खेलों के लिए डोपिंग रोधी प्रणाली के दौरान परीक्षण और सजा दोनों आइओसी से स्वतंत्र होगी। आइटीए और खेल पंचाट का डोपिंग रोधी विभाग (सीएएस एडीडी) इन मामलों से निपटेगा। आइटीए ने कहा कि खेलों के दौरान उसकी टोक्यो और जापान डोपिंग रोधी एजेंसी (जेएडीए) के सहयोग से प्रतियोगिता के समय और इसके इतर लगभग 5000 मूत्र और रक्त नमूने एकत्रित करने की योजना है।
कोविड महामारी से प्रभावित टोक्यो ओलिंपिक खेलों का उद्घाटन समारोह तो होगा, लेकिन इसे काफी हद तक सीमित रखा जा रहा है। उद्घाटन समारोह के दौरान लगभग 15 देशों के नेताओं के मौजूद रहने की संभावना है। जापान में आ रही खबरों के अनुसार, समारोह के दौरान निजी तौर पर स्टेडियम में मौजूद रहने वाले लोगों की संख्या 1000 के आसपास हो सकती है। जा
पान सरकार के मुख्य कैबिनेट सचिव कात्सुनोबु केटो ने कहा कि कोविड-19 महामारी से संक्रमण के जोखिम को नियंत्रित करने के आयोजकों के प्रयास के तहत राष्ट्रीय स्टेडियम में उद्घाटन समारोह के दौरान लोगों की मौजूदगी को सीमित करने का फैसला किया गया। केटो ने कहा कि लगभग 70 कैबिनेट स्तर के अधिकारियों के भी जापान आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उद्घाटन समारोह के दौरान कितने अति विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे इस पर अब भी अनिश्चितता बनी हुई है।