लंदन:दुनिया में कोरोना के मामले एक बार फिर बढ़ने लगे हैं। बीते दिन दुनियाभर में 4 लाख 22 हजार 706 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस दौरान 3 लाख 48 हजार 365 लोगों ने महामारी को मात दी और 7,081 लोगों की संक्रमण वजह से जानें गईं।
इस बीच ब्रिटेन में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। शनिवार को यहां 32,365 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। यह लगातार 5वां दिन है, जब यहां 30 हजार से ज्यादा नए केस आए हैं। इससे पहले 7 जुलाई को 31998, 8 जुलाई को 32193, 9 जुलाई को 35518 और 10 जुलाई को 32367 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई थी।
WHO ने कहा- महामारी अभी खत्म नहीं हुई
- वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन की चीफ साइंटिस्ट सौम्या स्वामीनाथन का कहना है कि दुनिया के ज्यादातर इलाकों में कोरोनावायरस का संक्रमण बढ़ रहा है। डेल्टा वैरिएंट की वजह से यह फैलाव दिख रहा है। इस बात के साफ सबूत हैं कि महामारी अभी खत्म नहीं हुई है।
- उन्होंने बताया कि WHO के 6 रीजन में से 5 में केस बढ़ रहे हैं। अफ्रीका में 2 हफ्ते में डेथ रेट 30% से 40% तक बढ़ गई है। इसका अहम कारण तेजी से फैल रहा डेल्टा वैरिएंट, वैक्सीनेशन की धीमी रफ्तार, मास्क और फिजिकल डिस्टेंसिंग जैसे उपायों में ढील देना है।
पाबंदियों में ढील दे रहे देशों को अलर्ट किया
WHO ने इस सप्ताह सरकारों से नियमों में ढील देने के बारे में फिर से अलर्ट किया है, ताकि अब तक मिला फायदा कम न हो। इंग्लैंड में 19 जुलाई को सभी तरह के प्रतिबंध हटाए जाने हैं। इसके बाद मास्क पहनना या न पहनना निजी फैसला होगा।
कोरोना के केस कम होने के बाद अमेरिका और यूरोप के अधिकतर हिस्सों में सख्ती में ढील दी गई है। इससे पहले WHO के हेल्थ इमरजेंसी प्रोग्राम के हेड माइक रेयान ने कहा था कि दुनिया में हर कोई सुरक्षित है और कहीं भी सब कुछ नॉर्मल हो रहा है एक सोचना बहुत ही खतरनाक है।
अब तक 18.72 करोड़ केस
दुनिया में अब तक 18.72 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 40.42 लाख लोगों की मौत हो गई है, जबकि 17.12 करोड़ से ज्यादा लोगों ने कोरोना को मात दी है। फिलहाल 1.19 करोड़ लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें 1.19 करोड़ लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं और 78,327 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
टॉप-10 देश, जहां अब तक सबसे ज्यादा लोग संक्रमित हुए
देश | संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 34,726,111 | 622,821 | 29,234,930 |
भारत | 30,836,231 | 408,072 | 29,967,478 |
ब्राजील | 19,069,003 | 532,949 | 17,530,369 |
फ्रांस | 5,808,383 | 111,321 | 5,645,990 |
रूस | 5,758,300 | 142,253 | 5,182,837 |
तुर्की | 5,476,294 | 50,192 | 5,344,102 |
यूके | 5,089,893 | 128,399 | 4,355,423 |
अर्जेंटीना | 4,639,098 | 98,501 | 4,264,937 |
कोलंबिया | 4,492,537 | 112,298 | 4,228,198 |
इटली | 4,269,885 | 127,768 | 4,101,102 |
(ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus/ के मुताबिक हैं)