नई दिल्ली:दिल्ली के क्रिकेटर सुबोध भाटी ने टी20 मैच में वो कर दिखाया जिसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की होगी। सुबोध भाटी ने टी20 मैच में डबल सेंचुरी ठोककर सबको हैरान कर दिया है। दिल्ली के क्रिकेटर सुबोध भाटी ने एक टी20 क्लब मैच में डबल सेंचुरी जड़ी। सुबोध भाटी ने सिम्बा के खिलाफ दिल्ली इलेवन के लिए बल्लेबाजी करते हुए ये कारनामा किया। उन्होंने दिल्ली इलेवन की तरफ से बल्लेबाजी की शुरुआत की और यह दुर्लभ उपलब्धि हासिल की।
सुबोध भाटी ने 79 गेंदों में नाबाद 205 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 17 छक्के और 17 चौके जड़े। उनकी इस पारी की बदौलत दिल्ली इलेवन में 265 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। सुबोध टी20 फॉर्मेट में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी हैं। सुबोध भाटी मुख्य तौर पर दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जो काफी विस्फोटक बल्लेबाजी भी करते हैं। उन्होंने घरेलू सीजन में 2015-16 में डेब्यू किया। लेकिन दिल्ली की तरफ से वो रेगुलर नहीं खेल पाए। उन्हें उम्मीद है कि इस पारी के बाद वो दिल्ली की टीम में जगह बना लेंगे।
भारत में घरेलू सत्र जल्दी ही शुरू होने वाला है। बीसीसीआई ने शुक्रवार को इसका ऐलान किया। भारत में घरेलू सत्र की शुरुआत 21 सितंबर, 2021 से होगी। सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी 20 अक्टूबर, 2021 से शुरू होगी और इसका फाइनल 12 नवंबर, 2021 को खेला जाएगा। रणजी ट्रॉफी 16 नवंबर, 2021 से 19 फरवरी, 2022 तक तीन महीने की विंडो में खेली जाएगी। विजय हजारे ट्रॉफी 23 फरवरी, 2022 से 26 मार्च, 2022 तक खेली जाएगी। इस सीजन में पुरुष और महिला वर्ग में विभिन्न एज ग्रुप्स में कुल 2127 घरेलू मैच खेले जाएंगे।