वाशिंगटन:अमेरिका ने भारतीय-अमेरिकी राजनयिक अतुल केशप को भारत में ‘चार्ज डि अफेयर’ (अंतरिम राजदूत) नियुक्त किया है। वह काफी समय तक विदेश मंत्रालय में काम कर चुके हैं। केशप (50) राजदूत डेनियल स्मिथ के सेवानिवृत होने के बाद नई दिल्ली रवाना होंगे।
अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा, ‘राजदूत केशप की नियुक्ति अमेरिका की भारत सरकार और भारत के लोगों के साथ घनिष्ठ साझेदारी को मजबूत करेगी, जो कोविड-19 महामारी जैसी वैश्विक चुनौतियों से पार पाने के लिए हमारे बीच सहयोग से झलकती है।’
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा कि केशप इस भूमिका में अनुभवों का खजाना लाएंगे। वह पूर्व में नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास में काम कर चुके हैं और दक्षिण एशिया के लिए उप सहायक विदेश मंत्री रह चुके हैं। हाल ही में वह पूर्व एशिया और प्रशांत मामलों के ब्यूरो के लिए मुख्य उप सहायक विदेश मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा वह श्रीलंका एवं मालदीव में अमेरिकी राजदूत भी रहे हैं।