नई दिल्ली:देश में कोरोना संक्रमण का ग्राफ और नीचे आ गया है। बीते 24 घंटे में 2.59 लाख मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि 3.57 लाख मरीज ठीक हुए हैं। हालांकि, महामारी से जान गंवाने वालों का आंकड़ा फिर एक बार 4 हजार के पार चला गया। गुरुवार को 4,208 मरीजों ने दम तोड़ दिया। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 1.02 लाख की कमी आई।
गुरुवार को कोरोना के नए केस का आंकड़ा 34 दिन में सबसे कम रहा। इससे पहले 16 अप्रैल को 2.34 लाख नए केस आए थे। सबसे बड़ी राहत है कि 8 दिन से नए केस के मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा ज्यादा बना हुआ है। इससे एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। कोरोना की दूसरी लहर में सबसे ज्यादा 37.41 लाख एक्टिव केस 9 मई को थे। 11 दिन में यह घटकर 30.22 लाख रह गए हैं।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 2.56 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.52 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 4,146
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.60 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2.27 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 2.91 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 30.24 लाख
19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।